दिल्ली के चहुंमुखी विकास के साथ ही आम नागरिकों को बेहतर जीवन प्रदान करेगा दिल्ली सरकार का बजट: सचदेवा

नयी दिल्ली,25 मार्च (वार्ता) दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने दिल्ली सरकार के बजट को राष्ट्रीय राजधानी के चहुंमुखी विकास के साथ ही आम नागरिकों के लिए बेहतर जीवन प्रदान करने वाला बताया है।

श्री सचदेवा ने मंगलवार को संवाददाताओं से कहा कि जहां पूर्ववर्ती केजरीवाल सरकार गत तीन वर्ष से दिल्ली बजट की कुल राशि को गिरा रही थी, वही रेखा गुप्ता सरकार ने पहले बजट में 31.5 प्रतिशत की वृद्धि के साथ बजट की कुल राशि को एक लाख करोड़ रुपये कर दिया है और सरकार के पूंजीगत व्यय को लगभग दुगना करते हुए 15089.25 करोड़ रूपए से बढ़ा कर 28115.48 करोड़ रुपये पर पहुंचा दिया है, जिससे दिल्ली के विकास के साथ सामान्य रखरखाव मे भी वृद्धि होगी।

उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार का बजट 2025-26 भाजपा के संकल्प पत्र की पूर्ति कर रहा है, बजट में महिला समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना में डबल बीमे के साथ महिला सुरक्षा के लिए 3.30 लाख सीसीटीवी के साथ ही झुग्गी बस्तियों के सुधार के कदम उठाये गये हैं।

उन्होंने कहा कि दिल्ली में होमगार्ड की संख्या को 10285 से बढ़ा कर 25000 करने के प्रस्ताव से सिविल डिफेंस वॉलंटियरस को दिये आश्वासन की पूर्ति का रास्ता खुला है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य के लिये रेखा गुप्ता सरकार ने योजनाबद्ध बजट आवंटित कर दिल्ली के सरकारी स्कूलों और अस्पतालों के बुनियादी अवसंरचना सुधार के साथ ही मूलभूत शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं का स्तर सुधार के कदम उठाये हैं। उन्होंने कहा कि बजट में यमुना सफाई, एस.टी.पी. निर्माण के साथ ही, पर्यावरण सुधार के लिए भी योजनाबद्ध प्रावधान किया गया है। सरकार ने पर्यावरण सुधार के चुनाव संकल्प की पूर्ति की है।

Next Post

टाटा मोटर्स ने कर्मचारियों को 1.59 लाख शेयर आवंटित किए

Tue Mar 25 , 2025
मुंबई, 25 मार्च (वार्ता) वाहन निर्माता कंपनी टाटा मोटर्स ने कर्मचारी स्टॉक योजना के तहत आज कर्मचारियों को 1.59 लाख शेयर आवंटित किए। कंपनी ने मंगलवार को शेयर बाजार को बताया कि उसने अपने कर्मचारी स्टॉक योजना के तहत बड़ा कदम उठाते हुए 25 मार्च 2025 को आवंटन समिति की […]

You May Like