लुटेरी दुल्हन गैंग: शादी के नाम पर 1.35 लाख और जेवरात ठगे

जबलपुर। माढ़ोताल थाना अंतर्गत विजय निवास कॉलोनी सूरतलाई में रहने वाले एक युवक को झांसे में लेकर लुटेरी दुल्हन गैंग ने पहले फर्जी शादी कराई और 1.35 लाख व गहने ऐंठें। इसके बाद रफूचक्कर होने की फिराक में थे। विदाई के तीन दिन बाद जब दुल्हन की पोल खुली, तो पता चला कि वह पहले से ही शादीशुदा है और गर्भवती भी है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने दुल्हन समेत चार आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।

पुलिस के अनुसार, रोशन विश्वकर्मा (40) की मुलाकात प्रवीण राठ से हुई। प्रवीण ने खुद को ब्राह्मण बताकर रोशन के परिवार का विश्वास जीता और सविता राठ नाम की युवती से शादी का प्रस्ताव रखा। आरोपियों ने रोशन को जाल में फंसाने के लिए लड़कियों की कुछ तस्वीरें दिखाईं और शादी का पूरा खर्च उठाने के नाम पर पैसे की मांग शुरू कर दी। शादी तय होने के बाद आरोपियों ने रोशन के परिवार को अपनी चिकनी-चुपड़ी बातों में फंसाया। उन्होंने अलग-अलग किस्तों में 1 लाख रुपये नगद और 35 हजार रुपये ऑनलाइन माध्यम से कुल 1,35,000 ऐंठ लिए। इसके बाद 31 जुलाई को हिंदू रीति-रिवाज से दोनों का विवाह संपन्न कराया गया। विवाह के समय पीड़ित परिवार ने दुल्हन को सोने का मंगलसूत्र और चांदी की पायल भी चढ़ावे के रूप में दी थी।

 3 दिन बाद व्यवहार बदला, पूछताछ में खुली पोल

विवाह के बाद सविता तीन दिनों तक रोशन के घर पर ठीक-ठाक रही, लेकिन चौथे दिन को वह अचानक घर से भागने की कोशिश करने लगी। रोशन और उसके परिवार को उसकी गतिविधियों पर शक हुआ। जब उन्होंने कड़ाई से पूछताछ की, तो सविता ने जो सच उगला उसे सुनकर परिवार के होश उड़ गए। सविता ने स्वीकार किया कि वह पहले से शादीशुदा है और वर्तमान में गर्भवती भी है। आरोपियों ने केवल पैसे और जेवरात हड़पने के लालच में यह फर्जी विवाह रचाया था और सविता के पहले विवाह की जानकारी जानबूझकर छुपाई थी। पुलिस ने आरोपी सविता राठ, प्रवीण राठ, ममता महीर और झांसी कुमारी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

Next Post

जबलपुर में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस का बड़ा एक्शन

Thu Sep 10 , 2026
जबलपुर। पुलिस ने अवैध शराब बनाने और बेचने वाले ठिकानों पर एक साथ दबिश देकर बड़ी कार्रवाई की। अलग-अलग टीमों की कार्रवाई में 22 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मौके से 235 लीटर कच्ची शराब, 48 पाव देशी शराब और शराब बनाने के उपकरण जब्त किए। इसके अलावा […]

You May Like