छिंदवाड़ा: जिले के बिछुआ में लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने वन विभाग के प्रभारी डिप्टी रेंजर सुनील बनवारी को 3 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा। आरोपी पर इमारती लकड़ी की खरीदी-बिक्री से संबंधित जानकारी पर हस्ताक्षर करने के बदले रिश्वत मांगने और राशि नहीं देने पर पंजीयन रद्द करने की धमकी देने का आरोप है।
लोकायुक्त के अनुसार, आवेदक मोखराम मालवीय के भाई के नाम पर इमारती लकड़ी के विनिर्माता एवं उपभोक्ता का पंजीयन है। फर्नीचर बनाने के लिए खरीदी गई लकड़ी की जानकारी हर तीन महीने में वन विभाग में जमा करनी होती है। आरोप है कि इस जानकारी पर हस्ताक्षर करने के बदले डिप्टी रेंजर सुनील बनवारी ने 3 हजार रुपए की मांग की थी।
शिकायत के आधार पर लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने 13 अक्टूबर को बिछुआ वन परिक्षेत्र स्थित आरोपी के शासकीय आवास पर ट्रैप कार्रवाई की। इस दौरान आरोपी को कथित तौर पर 3 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया गया।
आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7, 13(1)(B) और 13(2) के तहत कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में निरीक्षक जितेंद्र यादव, निरीक्षक राहुल गजभिए और लोकायुक्त जबलपुर के अन्य सदस्य शामिल थे।
