
सतना, जिले में भारतीय रेल नेटवर्क को अत्याधुनिक और सुगम बनाने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है. सरकार ने देश के सात सबसे व्यस्त रेल कॉरिडोर को फोर-लेन यानी चार रेलवे ट्रैक में तब्दील करने की ऐतिहासिक मंजूरी दे दी है. इस महापरियोजना में विंध्य क्षेत्र के सतना और मैहर जिले से होकर गुजरने वाला व्यस्ततम हावड़ा-मुंबई रेल रूट भी शामिल है. इस फैसले से विंध्यवासियों को ट्रेनों की लेटलतीफी से मुक्ति मिलेगी और क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों को नई रफ्तार मिलेगी.
जो भारतीय रेलवे के कुल ट्रैफिक का करीब 40 से 41 प्रतिशत भार अकेले संभालते हैं. वर्तमान में ट्रैक पर भारी दबाव होने के कारण ट्रेनों को आउटर पर रुकना पड़ता है. ट्रैक फोरलेन होने के बाद यात्री ट्रेनों और मालगाड़ियों के लिए अलग-अलग लाइनें उपलब्ध होंगी जिससे ट्रेनों की रफ्तार बढ़ेगी और संचालन पूरी तरह निर्बाध हो जाएगा.
सीमेंट और खनन उद्योग के प्रमुख केंद्र सतना और मैहर से मालगाड़ियों की ढुलाई और आसान हो जाएगी जिसका सीधा असर स्थानीय व्यापार पर पड़ेगा. साथ ही देश की आर्थिक राजधानी मुंबई और पूर्व के महानगर हावड़ा के बीच यात्रा का समय काफी घट जाएगा. रेलवे प्रशासन इस मुंबई-हावड़ा डायगोनल रूट के लिए तेजी से विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार कर रहा है जिसे जल्द ही अंतिम मंजूरी मिल जाएगी. इस परियोजना के पूरा होने से स्थानीय यात्रियों सहित मां शारदा की नगरी मैहर आने वाले लाखों श्रद्धालुओं का सफर भी तेज और सुगम हो जाएगा.
