
श्योपुर। श्योपुर से ग्वालियर जा रही बालाजी बस कराहल घाटी में अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में 9 यात्री घायल हो गए। घटना के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को बस से बाहर निकालने में मदद की। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। घायलों की पहचान लोहरते, गोपाल, बलदेव सिंह, सुनीता, मोतीलाल, रौशनलाल, प्रियंका, हरपाल और गुड्डी के रूप में हुई है।
कुछ घायलों को हल्की चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। यह हादसा इतना अचानक हुआ कि यात्रियों को संभलने का मौका नहीं मिला। बस पलटने के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर कराहल पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा।
