मुरैना, 25 फरवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुरैना में महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत संचालित बड़ोखर स्थित महिला स्वाधार आश्रय ग्रह में मानसिक रूप विक्षिप्त एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों मे हुई मौत का एक मामला प्रकाश में आया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार स्वाधार आश्रय गृह प्रबंधन ने कल देर शाम स्टेशन रोड थाना पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना के आधार पर पुलिस जब मौके पर पहुंची तो मृतक महिला सगुना (30) के शव से दुर्गंध आ रही थी। पुलिस का मानना था कि उक्त महिला की मौत करीब चार पांच दिन पूर्व हुई है, लेकिन स्वाधार ग्रह को महिला की मौत की जानकारी कल देर शाम को लगी। इससे पुलिस को प्रतीत होता है कि स्वाधार ग्रह में प्रबंधन यहां रहने वाली महिला की देख रेख करने में लापरवाही बरतता है।
पुलिस के अनुसार उक्त महिला की मौत से संबंधित सवाल जब स्वाधार ग्रह की अधीक्षिका से किए तो उसने पुलिस को बताया कि मृतक महिला आज सुबह जीवित देखी गई थी। मृतक महिला स्वाधार ग्रह में दो साल से अधिक समय से रह रही थी और यहां रहने वाली अन्य महिलाएं भी मानसिक रूप से दिव्यांग हैं, इसलिए उन्हें भी महिला की मौत की जानकारी नहीं थी कि उसकी मौत कब हुयी। पुलिस ने मामला संदिग्ध मानते हुए मृतका के शव को पीएम के लिए भिजवाया है और पुलिस मृत्यु के कारणों और उसकी मौत कितने दिन पूर्व हुई है जांच कर रही है।

