
ओंकारेश्वर, खण्डवा आरटीओ निशा चौहान ने तीर्थ नगरी ओंकारेश्वर के विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर की अपील, निर्धारित किराया सूची चस्पा; नो-पार्किंग में वाहन खड़ा करने पर कार्रवाई की चेतावनी वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में परिवहन विभाग ने तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में ऑटो चालकों को यातायात व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। आरटीओ निशा चौहान के नेतृत्व में परिवहन विभाग की टीम ने क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर ऑटो चालकों से निर्धारित किराया सूची का पालन करने तथा वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करने की अपील की।आरटीओ निशा चौहान ने नए बस स्टैंड, दांडी आश्रम तिराहा, कुबेर भंडारी पार्किंग स्थल सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर पहुंचकर ऑटो चालकों को समझाइश दी। इस दौरान वाहनों पर निर्धारित किराया सूची चस्पा कर यात्रियों से तय किराए के अनुसार ही राशि लेने के निर्देश दिए गए।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि ऑटो चालक नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़े न करें, ताकि मंदिर क्षेत्र और प्रमुख मार्गों पर यातायात बाधित न हो तथा बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।भविष्य में नए बस स्टैंड से कुबेर भंडारी पार्किंग स्थल, नए बस स्टैंड से पुराने बस स्टैंड तथा बालवाड़ी स्थित निर्धारित ऑटो रिक्शा स्टैंड सहित अन्य चिन्हित स्थानों के बीच ऑटो संचालन और पार्किंग व्यवस्था को निर्धारित नियमों के अनुसार व्यवस्थित किया जाएगा। परिवहन विभाग ने ऑटो चालकों से सहयोग की अपील करते हुए नियमों का पालन नहीं करने पर नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
