
इंदौर. आपसी विवाद में एक व्यक्ति ने महिला के गले पर ब्लेड से हमला कर दिया। महिला खून से लथपथ हालत में मदद के लिए सड़क पर दौड़ी तो यातायात पुलिस के जवानों ने तत्काल उसकी मदद की। इधर, हमलावर ने भी अपने गले पर ब्लेड से वार कर लिया। समय पर अस्पताल पहुंचने से दोनों की जान बच गई।
घटना पलासिया थाना क्षेत्र की है। घायल महिला को देखकर यातायात पुलिस के आरक्षक सुमन्त सिंह कछावा, रवि मंडेलिया और वीरेंद्र भूरिया ने तत्काल उसके गले पर रुमाल बांधा, ताकि अधिक खून न बहे। आरक्षक सुमन्त सिंह ने ऑटो रुकवाकर महिला को मयंक अस्पताल पहुंचाया।
दूसरी ओर घायल व्यक्ति को भी आरक्षक रवि मंडेलिया और कृष्णा की मदद से अस्पताल भेजा गया। दोनों का उपचार जारी है। सूचना मिलने पर पलासिया थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस विवाद की वजह और हमले के पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।
