
जबलपुर। सूचनातंत्र को मजबूत करें। जिससे होने वाली छोटी से छोटी असामाजिक गतिविधियों की जानकारी आपको तुरंत मिल सके। थाना स्तर पर शांति समिति की बैठक आपके द्वारा ली गयी है, बैठक के दौरान जो भी सुझाव आये है उस पर अमल करें, जो समस्याये आयी है उनका निराकरण करें। लंबित प्रकरणों का निपटारा करें। यह बातें पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने पुलिस कन्ट्रोलरूम में अपराध समीक्षा बैठक लेते हुए कहीं। बैठक में एसपी द्वारा त्रिवार्षिक तुलनात्मक भादवि/बीएनएस, प्रतिबंधात्मक एवं माईनर एक्ट की विस्तार से समीक्षा की गयी। थानावार लंबित गम्भीर अपराध की विस्तार से समीक्षा की गयी एवं लंबित अपराधों कें निराकरण के सम्बंध मे आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये। आगे उन्होंने कहा कि सीएम हेल्प लाइन, वरिष्ठ कार्यालयों, जन सुनवाई, की शिकायतों की समीक्षा करते हुये आदेशित किया कि लंबित शिकायतों का त्वरित निराकरण करें, इसमें किसी भी प्रकार की कोई लापरवाही न बरती जाये। लंबित प्रकरणों को देखकर उन्होंने नाराजगी भी जाहिर की।
टीमें बनाकर भेजे, फरार आरोपी पकड़े
एसपी ने कहा कि गम्भीर अपराध, सायबर फ्रॉॅड, धोखाधडी सम्बंधी फरार आरोपी, वारंटी जो जिले के बाहर रह रहे है उनकी पतासाजी कर गिरफ्तारी के लिए टीमें बनाकर जिले से बाहर टीमों को भेजकर अधिक से अधिक फरार आरोपी, वारंटी की गिरफ्तारी करें।
बंधपत्र का उल्लंघन करने पर कार्यवाही की जाये
एसपी ने कहा कि दो पक्षों में जहॉ जहॉ भी विवाद हुआ है उनके विरूद्ध आवश्यक रूप से प्रतिबंधात्मक कार्यवाही करते हुये सभी का फायनल बाउंड ओवर करवायें, ताकि बंधपत्र का उल्लंघन करने पर उनके विरूद्ध कार्यवाही की जाये। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष जाखड़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-4 अंजना तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात अखिलेश तिवारी समेत समस्त राजपत्रित अधिकारी एवं थाना प्रभारी तथा चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।
