भोपाल: मध्यप्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति को और अधिक पुख्ता करने के लिए राज्य शासन ने एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में संभाग स्तर पर आयोजित होने वाली कानून-व्यवस्था एवं पुलिस कार्यों की समीक्षा बैठकों के प्रभावी अनुश्रवण और बेहतर पर्यवेक्षण के लिए वरिष्ठ भारतीय पुलिस सेवा अधिकारियों को विभिन्न संभागों का प्रभारी नामांकित किया गया है। इस संबंध में गृह विभाग द्वारा 23 दिसंबर 2023 को जारी पुराने आदेश में आंशिक संशोधन करते हुए नई पदस्थापना की गई हैं।
जारी आदेश के मुताबिक, जेल महानिदेशक वरुण कपूर को प्रदेश की राजधानी भोपाल संभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) के महानिदेशक उपेन्द्र कुमार जैन को उज्जैन संभाग और विशेष पुलिस महानिदेशक जी. अखेतो सेमा को चंबल संभाग का प्रभारी बनाया गया है। प्रशासन ने पंकज कुमार श्रीवास्तव को जबलपुर, रवि कुमार गुप्ता को नर्मदापुरम और अनंत कुमार सिंह को सागर संभाग के प्रभारी अधिकारी के रूप में तैनात किया है। इसके साथ ही अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (प्रशिक्षण) राजाबाबू सिंह को शहडोल संभाग की कमान सौंपी गई है।
शासन के इस कदम को मुख्यमंत्री की जीरो टॉलरेंस नीति से जोड़कर देखा जा रहा है। इन वरिष्ठ अधिकारियों की नियुक्ति से संभागीय स्तर पर न केवल अपराधों की समीक्षा और निगरानी अधिक प्रभावी होगी, बल्कि मैदानी स्तर पर पुलिसिंग में भी सुधार आएगा। जानकारों का मानना है कि वरिष्ठ स्तर पर सीधे हस्तक्षेप और मॉनिटरिंग से मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाले सुरक्षा मानकों को लागू करने में और अधिक गति मिलेगी
