रिंग रोड का अक्टूबर 2027 तक काम होगा पूरा

जबलपुर। शहर के आसपास 113 किलोमीटर लंबी रिंग रोड का निर्माण कार्य लगभग 75 प्रतिशत पूरा हो चुका है। शेष हिस्से का निर्माण कार्य प्रगतिरत है। एक्स्ट्रा डोज ब्रिज को छोडक़र रिंग रोड का शेष निर्माण अगले वर्ष अक्टूबर तक पूरा करने का लक्ष्य है। एक्स्ट्रा डोज ब्रिज सहित पूरी रिंग रोड दिसंबर 2027 तक पूर्ण होने की संभावना है। यह जानकारी एनएचएआई अधिकारियों ने दी । मंगलवार को कलेक्टर राघवेंद्र सिंह की अध्यक्षता में एनएचएआई और लोक निर्माण विभाग सेतु के कार्यों की समीक्षा आयोजित बैठक में जिले में राष्ट्रीय राजमार्गों पर चल रहे, पूर्ण हो चुके और प्रस्तावित निर्माण कार्यों पर चर्चा की गई। इस दौरान एनएचएआई के अधिकारियों ने विभिन्न सडक़ परियोजनाओं की प्रगति और ब्लैक स्पॉट्स के सुधार कार्यों की जानकारी दी। बैठक में बताया गया कि जबलपुर- दमोह मार्ग के फोरलेन चौड़ीकरण का प्रस्ताव है। इसके साथ ही जबलपुर- मंडला-चिल्पी मार्ग के फोरलेन चौड़ीकरण की भी योजना प्रस्तावित है। जबलपुर-रायपुर अथवा लखनादौन-रायपुर मार्ग को ग्रीनफील्ड सडक़ के तौर पर विकसित करने का प्रस्ताव भी तैयार किया गया है।

चूल्हा गुलाई-रमनपुर घाटी: 10 वर्षों में 150 दुर्घटनाएं हुई  

चूल्हा-गुलाई और रमनपुर घाटी में भी सडक़ सुरक्षा को देखते हुए दीर्घकालिक समाधान के रूप में रि-अलाइनमेंट प्रस्तावित किया गया है। इन कार्यों की डीपीआर तैयार करने की प्रक्रिया चल रही है और जनवरी 2027 तक कार्य आवंटित करने का लक्ष्य रखा गया है। अधिकारियों के अनुसार इन दोनों स्थानों पर पिछले करीब 10 वर्षों में लगभग 150 दुर्घटनाएं हुई हैं। रि-अलाइनमेंट के बाद इन स्थानों पर सडक़ सुरक्षा में सुधार होगा। बैठक में कुशनेर के ब्लैक स्पॉट पर तत्काल सुरक्षा उपाय करने के निर्देश दिए गए। यहां ब्लिंकर सहित अन्य सुरक्षात्मक उपाय किये जाएंगे। वहीं लॉन्ग टर्म समाधान के लिए अंडरपास का प्रावधान करने का सुझाव दिया गया। एनएचएआई अधिकारियों ने बताया कि इस स्थल पर अंडरपास का प्रस्ताव विचाराधीन है और अगले वर्ष जनवरी तक निर्माण कार्य शुरू किए जाने की संभावना है।

कटंगी-पाटन बायपास पर जल्द होगा काम-

कलेक्टर सिंह ने अंधमूक बायपास, कटंगी बायपास और पाटन बायपास पर लगने वाले जाम तथा दुर्घटनाओं को लेकर अधिकारियों से जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि अंधमूक बायपास में सर्विस रोड की मरम्मत का कार्य प्रगतिरत है। अगले 15 दिनों में पाटन और कटंगी में भी इसी प्रकार के आवश्यक कार्य शुरू किए जाएंगे।

9 अंडरपास और 20 किमी सर्विस रोड का काम जारी-

कटनी-जबलपुर-लखनादौन मार्ग पर चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स के लॉन्ग टर्म रेक्टिफिकेशन के तहत एनएचएआई द्वारा कार्य कराया जा रहा है। इसके अंतर्गत 9 अंडरपास और करीब 20 किलोमीटर सर्विस रोड का निर्माण प्रगतिरत है। कलेक्ट राघवेंद्र सिंह ने ब्रिज निर्माण कार्यों में आ रही कठिनाईयों का जल्द निराकरण कर कार्यों को समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर कार्यालय में संपन्न हुई इस बैठक में अपर कलेक्टर नीता राठौर, रविशंकर राय एवं शैलेन्द्र सिंह, एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्ट, लोक निर्माण विभाग सेतु: संभाग कार्यपालन यंत्री तथा अन्य सम्बंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Next Post

सूचनातंत्र को मजबूत करें, लंबित प्रकरणों का निपटारा हो: एसपी

Wed Sep 9 , 2026
जबलपुर। सूचनातंत्र को मजबूत करें। जिससे होने वाली छोटी से छोटी असामाजिक गतिविधियों की जानकारी आपको तुरंत मिल सके। थाना स्तर पर शांति समिति की बैठक आपके द्वारा ली गयी है, बैठक के दौरान जो भी सुझाव आये है उस पर अमल करें, जो समस्याये आयी है उनका निराकरण करें। […]

You May Like

मनोरंजन