बुधनी। बुधनी-गडरिया नाला-शाहगंज स्टेट हाईवे-15 की बदहाल सड़क को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश अब सड़क पर उतरने की तैयारी में है. करीब चार माह से सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं. बारिश के बाद इनकी स्थिति और खराब हो गई है. जिम्मेदारों की लगातार उपेक्षा को देखते हुए अब ग्रामीणों ने खुद सड़क के गड्ढों को भरने का मन बना लिया है. शुक्रवार सुबह से वह गड्ढों को भरने का अभियान शुरू करेंगे.
स्टेट हाईवे-15 की बदहाल सड़क पर करीब चार माह से जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं. बारिश के बाद इनकी स्थिति और खराब हो गई है. इससे वाहन चालकों के साथ ग्रामीणों, स्कूली बच्चों, एंबुलेंस और स्कूल बसों को भी आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. लगातार शिकायतों और सड़क की बदहाली का मुद्दा सामने आने के बावजूद अब तक स्थायी समाधान नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी का माहौल बना हुआ है. ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण है और प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन इस मार्ग से गुजरते हैं. सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण वाहन चालकों को कई स्थानों पर अचानक ब्रेक लगाना पड़ता है या गड्ढों से बचने के लिए वाहन दूसरी ओर लेना पड़ता है.
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष योगेश सोनू राजपूत ने एसडीएम से चर्चा कर सड़क की स्थिति से अवगत कराया. उनके अनुसार एसडीएम ने सड़क के गड्ढे भरवाने का आश्वासन दिया है. इसके बाद ग्रामीणों की नजर अब विभागीय कार्रवाई पर है. ग्रामीणों का कहना है कि यदि आज शाम तक गड्ढे भरने का काम शुरू हो जाता है तो उन्हें राहत मिलेगी.
योगेश सोनू राजपूत ने कहा कि यदि शुक्रवार सुबह तक सड़क के गड्ढों को भरने की कार्रवाई नहीं की गई तो ग्रामीण जनसहयोग से सड़क के गड्ढे भरने का काम शुरू करेंगे. शुक्रवार सुबह 11 बजे खिलौना क्लस्टर स्थित कचरा घर के पास ग्रामीण एकत्र होंगे. इसके बाद जनसहयोग से गड्ढों को भरने की पहल की जाएगी. ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की मरम्मत केवल आवागमन की सुविधा का विषय नहीं है, बल्कि लोगों की सुरक्षा से जुड़ा मामला है. स्कूली बच्चों, एंबुलेंस और ग्रामीणों को गड्ढों के कारण परेशानी उठानी पड़ रही है. ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है. अब देखना यह है कि संबंधित विभाग ग्रामीणों के सड़क पर उतरने से पहले कार्रवाई करता है या शुक्रवार को ग्रामीणों को खुद गड्ढे भरने के लिए सड़क पर उतरना पड़ता है.
गड्ढे में गिरते ही बस के पहिए के नट टूटे, टला बड़ा हादसा
स्टेट हाईवे-15 पर बांसापुर-जर्रापुर जोड़ के पास तीन दिन पहले एक यात्री बस हादसे का शिकार होते-होते बच गई. नर्मदापुरम से बरेली जा रही एसके ट्रेवल्स की बस आवासीय विद्यालय के पास सड़क के बड़े गड्ढे में जा गिरी. गड्ढे में बस का पहिया जाने के बाद जोरदार झटका लगा. चालक ने नीचे उतरकर जांच की तो पिछले पहिए के नट टूटे हुए मिले. बताया गया कि पहिया केवल एक नट के सहारे टिका हुआ था. बस की स्थिति इतनी खराब हो गई थी कि वह आगे चलने की स्थिति में नहीं थी. स्थिति को देखते हुए चालक ने बस में सवार यात्रियों को दूसरी बस से गंतव्य की ओर रवाना किया. सबस चालकों का कहना है कि यदि विभाग सड़क के गड्ढे नहीं भरता है तो वे आपस में चंदा कर गड्ढे भरवाने को तैयार हैं. चालकों ने प्रत्येक बस से 200 रुपए देने की बात कही है. चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया, लेकिन घटना ने फिर जर्जर स्टेट हाईवे पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
