हैदराबाद, TG20 लीग में करीमनगर डायमंड्स का शानदार प्रदर्शन जारी है। गुरुवार को खेले गए मुकाबले में टीम ने रंगा रेड्डी राइजर्स को 58 रनों से करारी शिकस्त देकर टूर्नामेंट में लगातार तीसरी जीत दर्ज की है। करीमनगर की इस जीत के नायक राहुल राधेश (72 रन) और ऋषिकेश सिम्हा (60 रन) रहे, जिनकी तूफानी बल्लेबाजी की बदौलत टीम ने पहले खेलते हुए 230 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।
गेंदबाजी का जलवा और राइजर्स की हार
जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी रंगा रेड्डी राइजर्स की टीम करीमनगर के गेंदबाजों के आगे टिक नहीं पाई। नारायण तेजा (3 विकेट), रतलावत दिनेश और शुभम की घातक गेंदबाजी के सामने राइजर्स निर्धारित 20 ओवरों में 9 विकेट खोकर केवल 172 रन ही बना सके। आदित्य जवाजी (48 रन) और आर्यन करियप्पा (30 रन) की कोशिशों के बावजूद टीम को हार का सामना करना पड़ा।
आज के मुकाबले
लीग के अगले चरण में शुक्रवार को दो बड़े मैच खेले जाएंगे। दिन के पहले मुकाबले में अनुराग नलगोंडा नाइट्स और मेडक फाल्कन्स की टीमें आमने-सामने होंगी। वहीं, रात के मैच में पलामुरु स्ट्राइकर्स और वारंगल वॉरियर्स के बीच रोमांचक भिड़ंत देखने को मिलेगी। प्रशंसकों को इन मैचों में भी खिलाड़ियों के जोरदार प्रदर्शन की उम्मीद है।

