
सीधी । कलेक्टर विकास मिश्रा ने मंगलवार को नगर परिषद मझौली की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर नगर क्षेत्र में संचालित विकास एवं जनहित से जुड़े कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने स्वच्छता व्यवस्था, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, पेयजल आपूर्ति, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना सहित विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं के क्रियान्वयन तथा निर्माण कार्यों की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने नगर क्षेत्र में नियमित एवं प्रभावी साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि स्वच्छता अभियान को जनभागीदारी के साथ निरंतर संचालित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से जलभराव वाले क्षेत्रों की नियमित निगरानी कर त्वरित निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा प्रमुख बाजार क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित एवं सुगम बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था की समीक्षा करते हुए स्रोत स्तर पर कचरे के पृथक्करण, नियमित डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण एवं वैज्ञानिक निस्तारण पर विशेष बल दिया। साथ ही नगर में स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने के लिए सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट नियमों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने नगर में पेयजल व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि जलापूर्ति की नियमित निगरानी की जाए तथा कहीं भी पेयजल संकट की स्थिति उत्पन्न न होने पाए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को पर्याप्त एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराना नगर परिषद की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना सहित सभी हितग्राहीमूलक योजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्रता रखने वाले किसी भी व्यक्ति को योजना के लाभ से वंचित न रहने दिया जाए तथा योजनाओं के संबंध में व्यापक स्तर पर जनजागरूकता भी सुनिश्चित की जाए। निर्माणाधीन एवं पूर्ण हो चुके विकास कार्यों का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं तथा उनकी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के दौरान नगर परिषद मझौली के अध्यक्ष शंकर लाल गुप्ता, उपखंड अधिकारी मझौली आर.पी. त्रिपाठी सहित नगर परिषद के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
