
ब्यावरा। जिले में अवैध मदिरा के निर्माण एवं विक्रय पर प्रभावी रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग एवं पुलिस विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है. कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी के निर्देशन तथा जिला आबकारी अधिकारी रितेश कुमार लाल एवं पुलिस उप अधीक्षक प्रकाश शर्मा के मार्गदर्शन में जिलेभर में विशेष संयुक्त अभियान चलाया गया. अभियान के दौरान अवैध मदिरा कारोबारियों के विरुद्ध सघन दबिश एवं जांच कार्रवाई की गई. कार्रवाई में 04 आपराधिक प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिए गए. साथ ही 40 लीटर हाथ भट्टी मदिरा एवं 12 हजार किलो महुआ लाहन जब्त कर विधिवत आबकारी विभाग के कब्जे में लिया गया.
आबकारी विभाग एवं पुलिस विभाग की संयुक्त कार्रवाई से अवैध मदिरा कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति रही. आबकारी वृत्त ब्यावरा के अंतर्गत दूधी एवं कटारिया खेड़ी क्षेत्रों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की टीमों द्वारा जांच अभियान चलाकर अवैध गतिविधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की गई.
कार्रवाई लगातार जारी रहेगी
जिला आबकारी अधिकारी श्री लाल ने कहा कि जिले में अवैध मदिरा के निर्माण एवं विक्रय के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी. अवैध मदिरा कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
