
रतलाम। जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक कलेक्टर अजय कटेसरिया की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों एवं योजनाओं की प्रगति की विकासखंडवार समीक्षा की गई।
कलेक्टर श्री कटेसरिया ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण कार्यक्रम, प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान, मलेरिया, डेंगू, गैर-संचारी रोग, मातृ मृत्यु एवं शिशु मृत्यु के मामलों, आईडीएसपी, आरबीएसके, दस्तक अभियान सहित अन्य स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्वास्थ्य सेवाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग करते हुए पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान रतलाम शहरी क्षेत्र में गर्भवती माताओं के पंजीयन की स्थिति अत्यंत कम तथा एनीमिया मैनेजमेंट की स्थिति कमजोर पाए जाने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने वार्ड क्रमांक 17 की एएनएम श्रीमती संगीता वसुनिया के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए निलंबन की कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि जिन क्षेत्रों में आशा कार्यकर्ताओं द्वारा राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में अपेक्षित रुचि नहीं ली जा रही है, वहां संबंधित एएनएम निष्क्रिय आशा कार्यकर्ताओं की नामजद जानकारी प्रस्तुत करें, ताकि नियमानुसार उनकी मान्यता समाप्त करने की कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि आशा कार्यकर्ता स्वास्थ्य विभाग की मैदानी व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं, इसलिए उनके दायित्वों के निर्वहन की नियमित समीक्षा की जाए।
कलेक्टर श्री कटेसरिया ने जिले में स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत निर्माणाधीन एवं पूर्ण हो चुके स्वास्थ्य संस्थानों के भवनों की भी विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन भवनों का हैंडओवर प्राप्त हो चुका है, उनमें आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करते हुए तत्काल स्वास्थ्य सेवाएं प्रारंभ की जाएं, ताकि नए भवनों का लाभ आमजन को मिल सके।
बैठक में ग्राम खजूरी देवड़ा के स्वास्थ्य भवन के संबंध में बताया गया कि सरपंच द्वारा भवन शिफ्टिंग के दौरान बाउंड्री वॉल को लेकर समस्या उत्पन्न की जा रही है और भवन का हैंडओवर नहीं लेने दिया जा रहा है। इस पर कलेक्टर ने निर्देशित किया कि भवन का तत्काल हैंडओवर लिया जाए। उन्होंने कहा कि यदि हैंडओवर की कार्रवाई में अनावश्यक बाधा उत्पन्न की जाती है तो मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत के माध्यम से संबंधित सरपंच के विरुद्ध मध्यप्रदेश पंचायत राज एवं ग्राम स्वराज अधिनियम की धारा 40 के अंतर्गत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाजना के पुराने भवन में ही नया मेटरनिटी विंग बनाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न विकासखंड चिकित्सा अधिकारियों से उनके क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन में आ रही समस्याओं की जानकारी ली तथा उनके निराकरण के लिए आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही शहरी क्षेत्र के नोडल अधिकारी का प्रभार अन्य चिकित्सक को सौंपने के लिए निर्देशित किया।
बैठक में जिला आयुष अधिकारी डॉ. दाताराम जयंत ने आयुष विभाग द्वारा जिले में संचालित विभिन्न गतिविधियों एवं कार्यक्रमों की प्रगति की जानकारी विस्तार से प्रस्तुत की।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन, सीएमएचओ डॉ. किरण वाडिवा, डीन मेडिकल कॉलेज डॉ. अनीता मुथा, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग सुभाष जैन, सिविल सर्जन डॉ. एपी सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं संबंधित चिकित्सक उपस्थित रहे।
