अंधविश्वास का डंकः सांप से ज्यादा जहरीली तांत्रिक की नीयत!

इंदौर: खजराना क्षेत्र में खुद को दरगाह का बाबा बताने वाले ठग ने परिवार की जानकारी हासिल करने के बाद महिला के छोटे बेटे को सांप के काटने का डर दिखाकर 31 हजार रुपए ठग लिए. आरोपी ने पहले पूजा के लिए 6 हजार और बाद में 25 हजार रुपए ट्रांसफर करवाए. दोबारा रकम मांगने पर महिला को संदेह हुआ और उसने भुगतान से इनकार कर दिया.
जकरिया कॉलोनी निवासी फिरदौस शाह की शिकायत पर खजराना पुलिस ने अज्ञात मोबाइल नंबर से कॉल करने वाले के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है. घटना 17 अगस्त की है. फिरदौस की सास साजिदा रऊफ के मोबाइल पर आए फोन में आरोपी ने परिवार में कितने बेटे हैं, इसकी जानकारी ली. तीन बेटे होने की बात पता चलने के बाद उसने छोटे बेटे को लेकर डराना शुरू कर दिया. आरोपी ने कहा कि रात में इबादत के दौरान उसे छोटे बेटे को सांप के काटने का खतरा दिखाई दिया है. इससे बचने के लिए दरगाह पर विशेष पूजा कराने की बात कही. पूजा के सामान के नाम पर 6 हजार रुपए मांगे और क्यूआर कोड भेज दिया. साजिदा ने रकम ट्रांसफर कर दी. इसके बाद आरोपी ने 25 हजार रुपए की मांग करते हुए बैंक खाते की जानकारी दी. यह रकम भी ट्रांसफर करने के बाद उसने फिर 25 हजार रुपए मांगे. इस बार साजिदा ने रकम देने से इनकार कर दिया.

पूजा अधूरी रहने पर बेटे की जान को खतरा होने का डर दिखाया
रकम नहीं मिलने पर आरोपी ने डराने का सिलसिला जारी रखा. उसने कहा कि उसके पिता जिस सांप की पूजा कर रहे थे, उसी ने उन्हें काट लिया है और महिला की भेजी रकम पर सांप बैठा है. साथ ही दावा किया कि रुपए देने पर रकम वापस मिल जाएगी, जबकि पूजा अधूरी रहने पर बेटे की जान को खतरा होगा. साजिदा ने रुपए लौटाने को कहा तो आरोपी ने पूजा का सामान खरीदे जाने की बात कही. बहस के बाद उसने फोन काट दिया.

खजराना पुलिस केस दर्ज कर आरोपी की तलाश में जुटी
साजिदा ने करीब एक सप्ताह बाद परिवार को घटना बताई. इसके बाद परिजन साइबर सेल पहुंचे और शिकायत की. जांच के बाद खजराना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है. पुलिस कॉल करने वाले नंबर, रकम भेजे गए बैंक खाते और लेन-देन से जुड़े विवरण के आधार पर आरोपी की पहचान में जुटी है. खजराना थाना प्रभारी मनोज सेंधव का कहना है कि मामले में प्रकरण दर्ज कर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है. संबंधित मोबाइल नंबर और बैंक खाते की जानकारी जुटाई जा रही है. आरोपी की पहचान होने के बाद उसके खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Next Post

बिना परमिट बस और स्कूली वैन दौड़ रही थीं सड़कों पर, परिवहन विभाग ने जब्त किए वाहन

Tue Sep 8 , 2026
इंदौर: शहर में नियमों को ताक पर रखकर बिना वैध परमिट यात्री और स्कूली वाहनों का संचालन करने वालों के खिलाफ परिवहन विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है. विभाग की टीम ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए बिना परमिट संचालित एक यात्री बस और स्कूली बच्चों को ले […]

You May Like