इंदौर: शहर में नियमों को ताक पर रखकर बिना वैध परमिट यात्री और स्कूली वाहनों का संचालन करने वालों के खिलाफ परिवहन विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है. विभाग की टीम ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए बिना परमिट संचालित एक यात्री बस और स्कूली बच्चों को ले जा रही वैन को जब्त किया. दोनों वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 70 हजार 500 रुपए का चालान बनाया गया.
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी प्रदीप शर्मा के निर्देशन में परिवहन निरीक्षक आकाश सिटोले ने कार्रवाई को अंजाम दिया. जांच के दौरान रेडिसन चौराहे पर एक यात्री बस बिना वैध परमिट के संचालित होती मिली. टीम ने बस को जब्त कर लिया. इसके बाद राऊ चौराहे के पास स्कूली बच्चों को ले जा रही एक वैन की जांच की गई. वैन के पास भी वैध परमिट नहीं मिला, जिसके बाद उसे भी जब्त कर लिया गया. यात्री बसों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर परिवहन विभाग अब विशेष अभियान चलाने जा रहा है. परिवहन आयुक्त मध्यप्रदेश उमेश जोगा के निर्देश पर अगले दो सप्ताह तक यात्री बसों की विशेष जांच की जाएगी. इस दौरान बसों में फायर एक्सटिंग्विशर सहित अन्य जरूरी अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, उनकी वैधता और कार्यशीलता की जांच होगी. सुरक्षा उपकरणों में कमी या नियमों का उल्लंघन मिलने पर वाहन संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
दस्तावेज पूरे रखने की अपील
परिवहन विभाग ने यात्री और स्कूल वाहन संचालकों से अपील की है कि वाहन संचालन के दौरान वैध परमिट, फिटनेस, बीमा और अन्य आवश्यक दस्तावेज अनिवार्य रूप से साथ रखें. इसके अलावा वाहनों में निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं. विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी
