गुजरात के बाद अब कांग्रेस का संगठन सृजन अभियान मध्यप्रदेश में भी, राहुल कल करेंगे शुरुआत

भोपाल, 02 जून (वार्ता) लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी कल अपने मध्यप्रदेश प्रवास के दौरान राजधानी भोपाल में पार्टी के ‘संगठन सृजन अभियान’ की शुरुआत करेंगे।

गुजरात के बाद अब पार्टी मध्यप्रदेश में इस अभियान की शुरुआत करने जा रही है। कांग्रेस ने अपने इस अभियान के लिए राज्य में पर्यवेक्षकों और अतिरिक्त पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की है। ये अभियान कल से शुरु होगा।

पार्टी के इस अभियान के संदर्भ में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने संवाददाताओं को बताया, ‘मध्यप्रदेश कांग्रेस ने पहली बार संगठन सृजन को लेकर इस प्रकार कार्ययोजना बनाई है, जिसका उद्घाटन श्री राहुल गांधी करेंगे।’

उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य है कि पार्टी के पंचायत से लेकर जिले स्तर तक संगठन तंत्र न्याय आधारित हो। इसके तहत लगभग देश भर के 61 पर्यवेक्षक तीन महीने तक पूरे मध्यप्रदेश में रहेंगे और गांव गांव तक कार्यकर्ताओं की बैठकें लेंगे। हर देशवासी चाहता है कि पार्टी मजबूत हो। ये आने वाली राजनीति के लिए मील का पत्थर साबित होगा।

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘जननायक राहुल गांधी जी का 3 जून 2025 को भोपाल आगमन मध्यप्रदेश कांग्रेस के लिए एक ऐतिहासिक अवसर है। इस दिन से शुरू हो रहा ‘संगठन सृजन अभियान’ न केवल कांग्रेस संगठन को नई ऊर्जा देगा, बल्कि कार्यकर्ताओं के उत्साह, विश्वास और भागीदारी को भी नई दिशा देगा।’

पार्टी इसके पहले गुजरात में इस प्रकार का अभियान चला चुकी है। पार्टी का दावा है कि गुजरात में ये अभियान सफल रहा, इसके चलते अभी इसे मध्यप्रदेश और बाद में हरियाणा में संचालित किया जाने वाला है।

 

 

Next Post

मई 2025 में यूपीआई लेनदेन 25.14 लाख करोड़ के पार

Mon Jun 2 , 2025
नयी दिल्ली 02 जून (वार्ता) देश के डिजिटल भुगतान में मई 2025 में जबरदस्त तेजी देखी गयी और इस महीने में यूनिफाइड पेंमेट इंटरफेस (यूपीआई) के माध्यम से लेनदेन बढ़कर 25.14 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इस महीने में दैनिक लेनदेन 81106 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। नेशनल पेमेंट्स […]

You May Like