
नीमच। बघाना थाना क्षेत्र में धनेरिया कला मार्ग पर मंगलवार देर शाम सडक़ हादसे में युवक की मौत हो गई। युवक अपने माता-पिता के साथ धार्मिक स्थल से लौट रहा था। टेंपो से उतरते ही पीछे से आई तेज रफ्तार पिकअप ने उसे कुचल दिया। हादसे के बाद चालक वाहन सहित फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
खेड़ा माताजी मंदिर से लौटते समय हुआ हादसा
मृतक की पहचान रोहित (20) पिता अशोक शाह के रूप में हुई है। रोहित मूल रूप से बिहार का निवासी था और वर्तमान में परिवार के साथ उदयपुर (राजस्थान) में रह रहा था। मंगलवार को वह अपने माता-पिता के साथ राजस्थान स्थित प्रसिद्ध खेड़ा माताजी मंदिर में दर्शन करने गया था। दर्शन के बाद परिवार ऑटो-टेंपो से धनेरिया कला होते हुए नीमच लौट रहा था।
टेंपो से उतरते ही पिकअप ने मारी टक्कर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धनेरिया के पास रोहित टेंपो से नीचे उतरा। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार और अनियंत्रित पिकअप ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सडक़ पर गिर पड़ा। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ दिया दम
घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस के ईएमटी राहुल राठौर और पायलट दशरथ व्यास मौके पर पहुंचे। घायल युवक को तत्काल जिला चिकित्सालय ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया गया है कि मृतक के पिता अशोक शाह पैरालिसिस (लकवा) से पीडि़त हैं और ठीक से चल-फिर नहीं सकते। उनके सामने ही बेटे की मौत हो गई, जिससे पूरा परिवार गहरे सदमे में है।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चालक की तलाश
बघाना थाना पुलिस ने मंगलवार रात मर्ग कायम कर शव को जिला अस्पताल के शवगृह में रखवाया। बुधवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस ने अज्ञात पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। फरार वाहन की पहचान के लिए मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
