योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी : विजयवर्गीय

धार. भाजपा की जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के कार्यकाल में आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। सरकार ने गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्गों के कल्याण को केंद्र में रखकर अनेक जनहितैषी योजनाएं संचालित की हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से लाखों परिवारों का पक्के मकान का सपना साकार हुआ है। वहीं आयुष्मान भारत योजना ने जरूरतमंद परिवारों को गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए आर्थिक सुरक्षा प्रदान की है तथा पात्र हितग्राहियों को निशुल्क उपचार की सुविधा मिल रही है।

विजयवर्गीय ने कहा कि सरकार की योजनाएं केवल सीमित न रहें, बल्कि उनका वास्तविक लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, यह सुनिश्चित करना जरूरी है। शहर से गांव और गांव से टोले-मजरे तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने की जिम्मेदारी कार्यकर्ताओं को निभानी है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पात्र हितग्राहियों से संपर्क करें, उन्हें शासन की योजनाओं की जानकारी दें और योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करें। जनसेवा के माध्यम से संगठन और सरकार के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाना ही कार्यकर्ताओं का प्रमुख दायित्व है।

सेवा संकल्प अभियान के जिला संयोजक मनोज सोमानी ने बताया कि भाजपा द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान के तहत स्वच्छता, स्वास्थ्य, रक्तदान, जनजागरूकता, सामाजिक सेवा, लाभार्थी संपर्क, युवा एवं महिला सहभागिता सहित विभिन्न जनसेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक सेवा कार्यों के माध्यम से पहुंच बनाना और जनभागीदारी को बढ़ावा देना है।

भाजपा जिला मीडिया प्रभारी संजय शर्मा ने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रमुख रूप से यह कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे जिसमें आशीर्वाद का दीया,सेवा चित्र ड्राइंग प्रतियोगिता, सेवा स्मरण, आंगन का मिलन, कहानी बदलाव की, सेवा ज्योति यात्रा, वडनगर से वाराणसी सेवा मेरा योगदान, सेवा सेतु अभियान, सेवा के रंग, इन्नोवेशन चैलेंज, जन सेवा का महाकुंभ पंचायत से पार्लियामेंट, 25 साल 25 कहानी सहित अनेक कार्यक्रम आयोजित होंगे। इन सभी कार्यक्रम निमित मंडल स्तर की टोली और अभियान प्रभारी बनाए गए है। कार्यशाला को धार विधायक नीना वर्मा ने भी संबोधित किया। संचालन जीवन रघुवंशी ने किया तथा आभार जिला टोली सह संयोजक ममता जोशी ने माना।

Next Post

6 थानों की पुलिस पहुंचने से पहले भागे आरोपी

Mon Sep 7 , 2026
ब्यावरा। हर बार की तरह प्रदेश में बड़ी घटना के बाद जागे प्रशासन से पहले ही आरोपी जाग गए और कार्यवाही से पहले भाग खड़े हुए. मामला दूधी पर अवैध शराब पर कार्यवाही का है. सागर में अवैध शराब से 11 लोगों की मौत के बाद पुलिस अवैध शराब के […]

You May Like