
अलीराजपुर, जिले के ग्रामीण एवं सुदूर फलिया क्षेत्रों में विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए आज एक ही दिन में 16 नई विद्युत डीपी (डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफार्मर) का लोकार्पण कर विद्युत प्रवाह प्रारंभ किया गया।
कैबिनेट मंत्री श्री नागरसिंह चौहान ने 6 विद्युत डीपी का लोकार्पण किया, वहीं सांसद श्रीमती अनिता नागरसिंह चौहान ने जोबट विधानसभा क्षेत्र में 1 करोड़ 19 लाख रुपये की लागत से 10 विद्युत डीपी का लोकार्पण किया। नए ट्रांसफार्मरों के शुरू होने से संबंधित फलियों एवं आसपास के ग्रामीणों को बेहतर, गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध विद्युत आपूर्ति का लाभ मिलेगा।
*कैबिनेट मंत्री द्वारा 6 डीपी का लोकार्पण -*
मंत्री श्री चौहान द्वारा ग्राम मोरासा ठाकुर फलिया, ग्राम भवरी थाना फलिया एवं आमला फलिया, ग्राम चचरिया उमदा, ग्राम बामंता गिरी फलिया तथा ग्राम तीती चोगड़ी फलिया में विद्युत डीपी का लोकार्पण किया गया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के प्रत्येक घर तक पर्याप्त एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। विद्युत व्यवस्था सुदृढ़ होने से ग्रामीण परिवारों, किसानों, विद्यार्थियों और छोटे व्यवसायों को विशेष लाभ मिलेगा। सरकार लगातार दूरस्थ फलिया क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए कार्य कर रही है।
*सांसद द्वारा 1.19 करोड़ की 10 डीपी का लोकार्पण -*
सांसद श्रीमती अनिता नागरसिंह चौहान द्वारा लोकार्पित 10 डीपी इस प्रकार हैं – चामरबेगड़ा पटेल फलिया में 15 लाख, सिंधी में 13 लाख, देहदला उनलीखोदरी में 17 लाख, कोसदुना पटेल फलिया में 14 लाख, जाली पुजारा फलिया में 9 लाख, जाली पीपल फलिया में 8 लाख, जाली तड़वी फलिया में 11 लाख, छोहरी माल फलिया में 11 लाख, छोहरी तड़वी फलिया में 12 लाख तथा बड़ा गुड़ा तड़वी फलिया में 9 लाख रुपये की लागत से स्थापित।
सांसद श्रीमती चौहान ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र विकास भाजपा सरकार की प्राथमिकता है। बिजली, सड़क, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। दूरस्थ फलियों तक बिजली पहुंचना विकास की मुख्यधारा से जुड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
नए ट्रांसफार्मरों के प्रारंभ होने से लंबे समय से विद्युत समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों को राहत मिलेगी। बिजली की उपलब्धता से घरेलू उपयोग के साथ कृषि कार्य, पेयजल व्यवस्था, शिक्षा एवं अन्य आवश्यक गतिविधियों को सुचारु रूप से संचालित करने में मदद मिलेगी। ग्रामीणों ने इस सौगात के लिए मंत्री दंपति का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व विधायक माधोसिंह डावर, युवा नेता विशाल रावत, जोबट मंडल अध्यक्ष नरेंद्र मंडलोई, खट्टाली मंडल अध्यक्ष मुकेश बघेल, पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश अग्रवाल, मदन लड्डा, सुरपाल अजनार, मंडल महामंत्री लल्ला पारिख, ललित राठौड़, कमरू अजनार सहित संबंधित ग्रामों के सरपंच, पंच, पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं आमजन मौजूद रहे।
*शासकीय माध्यमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण -*
प्रवास के दौरान कैबिनेट मंत्री श्री नागरसिंह चौहान ने शासकीय माध्यमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं एवं शैक्षणिक गतिविधियों का जायजा लिया। उन्होंने विद्यार्थियों से सीधा संवाद कर उनकी पढ़ाई, सुविधाओं एवं समस्याओं की जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने और लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
