
सागर। सीएम डॉ मोहन यादव ने सागर जिले में स्थित ज्ञानवीर विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि बुंदेलखंड वीरों और महावीरों की धरती रही है, जिसने हर दौर में स्वाभिमान और संस्कृति की रक्षा की है। उन्होंने कहा कि महाराजा छत्रसाल ने 50 से अधिक युद्ध लड़कर इस क्षेत्र के गौरव को विश्वभर में स्थापित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले बुंदेलखंड के विकास को लेकर केवल बातें होती थीं, लेकिन अब सरकार जमीन पर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बुंदेलखंड क्षेत्र के विकास के लिए करीब 27 हजार करोड़ रुपये के कार्य मंजूर किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति के माध्यम से भारत शिक्षा और तकनीक दोनों क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में भी देश प्रगति कर रहा है। मुख्यमंत्री ने राहतगढ़ और जैसीनगर में श्रमिकों के बच्चों के लिए दो नई लाइब्रेरी खोलने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय और विद्यालय आने वाली पीढ़ियों के ज्ञान और समाज के गौरव को आगे बढ़ाते हैं।
