इंदौर: नगर निगम आयुक्त दिलीप कुमार यादव द्वारा निगम मुख्यालय में आज जनसुनवाई की गई. निगमायुक्त द्वारा अपने कक्ष में निगम के समस्त अपर आयुक्त, उपायुक्त, सहायक आयुक्त, अधीक्षण यंत्री एवं विभाग प्रमुख के साथ जनसुनवाई की गई. इस अवसर पर आयुक्त द्वारा जनसुनवाई मे प्राप्त आवेदनो को तत्काल निराकरण करने के भी निर्देश दिये गये.
आयुक्त श्री यादव ने कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त निगम स्तर की शिकायतों का समय सीमा में पूरा किया जाए, उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाइन और मेयर हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त शिकायतों की लगातार मॉनिटरिंग करके उसका समय सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए है. साथ ही उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास रहेगा कि नागरिकों की समस्याओं का शीघ्र निराकरण हो, झोनल कार्यालय में आए शिकायती आवेदनों का झोन स्तर पर ही समय सीमा में निराकरण किया जाएगा.
जन सुनवाई के दौरान नागरिकों द्वारा राजस्व, मार्केट, भवन अनुज्ञा, स्वास्थ्य विभाग, रिमूव्हल विभाग, सीवरेज विभाग, जनकार्य विभाग सहित अन्य विभागों के 32 आवेदन आयुक्त महोदय के समक्ष प्रस्तुत किये गये. आयुक्त द्वारा नागरिकों को समक्ष में सुना गया. प्राप्त आवेदन को आयुक्त कार्यालय में जनसुनवाई के दौरान उपस्थित अपर आयुक्त, उपायुक्त, सहायक आयुक्त व विभाग प्रमुख को तत्काल प्रेषित कर नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये.
