
भोपाल। मध्यप्रदेश भाजपा के अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की 34 वर्षीय पुत्री सुरभि खंडेलवाल का बुधवार को हार्ट अटैक से निधन हो गया। उनके निधन की जानकारी भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने सोशल मीडिया के माध्यम से दी।
उन्होंने बताया कि सुरभि एक स्पेशल चाइल्ड थीं और लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रही थीं। बुधवार सुबह उनकी नियमित फिजियोथेरेपी हुई थी। इसके कुछ समय बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और दोपहर में उन्होंने अंतिम सांस ली।
बेटी के निधन की खबर मिलते ही हेमंत खंडेलवाल भोपाल से तुरंत बैतूल के लिए रवाना हो गए। सुरभि की अंतिम यात्रा शाम को बैतूल गंज स्थित निवास से निकाली जाएगी, जिसके बाद कोठी बाजार मोक्षधाम में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
इधर, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी शोक व्यक्त करते हुए कहा कि बीमारी के कारण इतनी कम उम्र में निधन अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को संबल देने की ईश्वर से प्रार्थना की।
