
चितरंगी । प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर आवागमन की सुविधा देने के लिए बनाई गई सड़के अब जिम्मेदारों की कथित अनदेखी के चलते खुद सवालों के घेरे में हैं। चितरंगी विकासखंड के दुर्गम बगदरा कुरला क्षेत्र में खम्हारडीह से बछनार जाने वाली प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क की दो पुलिया जर्जर होकर हादसे का सबब बन गई हैं।
सड़क की सतह भी जगह-जगह क्षतिग्रस्त है और पुलिया पर टूट-फूट के साथ गहरे गड्ढे दिखाई दे रहे हैं। मार्ग का निर्माण वर्ष 2021-22 में मेसर्स नित्यान्ता इंफ्रा प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड, सतना द्वारा कराया गया था। सड़क किनारे लगे बोर्ड पर वर्ष 2027 तक प्रतिवर्ष मेंटेनेंस कराए जाने का उल्लेख है। इसके बावजूद ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण के बाद से अब तक नियमित मेंटेनेंस नहीं कराया गया। सवाल यह है कि जब सड़क के रखरखाव की जिम्मेदारी तय थी तो विभागीय अमला अब तक कहां था? सड़क की मौजूदा हालत प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के महाप्रबंधक, सहायक यंत्री और उपयंत्री की निगरानी व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े करती है।
क्या अधिकारियों ने कभी मौके पर पहुंचकर सड़क और पुलिया की स्थिति देखी, यदि निरीक्षण हुआ तो जर्जर पुलिया की मरम्मत के लिए कार्रवाई क्यों नहीं हुई? वहीं मेंटेनेंस ठेकेदार की भूमिका भी जांच के दायरे में है। ग्रामीणों के मुताबिक जर्जर पुलिया के कारण पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। बारिश के दौरान खतरा और बढ़ गया है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण इस मार्ग से गुजरते हैं। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से तत्काल निरीक्षण कर सड़क व पुलिया की मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि किसी बड़े हादसे के बाद जागने के बजाय विभाग समय रहते जिम्मेदारी निभाए।
