
जबलपुर। सिविल लाइन स्थित रोटरी क्लब के पास एक शादी समारोह के दौरान उस वक्त भगदड़ मच गई जब कुख्यात बदमाश ने अपने साथियों के साथ पहुँचकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस जानलेवा हमले में दो लोगों को गोलियां लगी हैं, जिन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, रोटरी क्लब के समीप सोधिया परिवार में शादी का कार्यक्रम चल रहा था। मेहमानों की आवाजाही के बीच अचानक लकी पटेल अपने गुर्गों के साथ वहाँ पहुँचा और दनादन फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी होते ही कार्यक्रम में भगदड़ मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। गोली लगने से दुर्गेश पांडे और श्रीकांत राय लहूलुहान होकर गिर पड़े। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी लकी पटेल और उसके साथी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँची और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुँचाया गया।
हमलावर लकी पटेल कुख्यात बदमाश है और ‘13302’ नाम से एक सक्रिय गैंग चलाता है। इस गैंग का नाम पहले भी कई आपराधिक गतिविधियों और रंगदारी के मामलों में सामने आ चुका है। पुलिस रिकॉर्ड में लकी के खिलाफ हत्या के प्रयास और अवैध वसूली जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं। सिविल लाइन पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। शहर के संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही लकी पटेल और उसके साथियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
