
ग्वालियर। पति की शराब छुड़वाने के नाम पर तांत्रिक ने महिला के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी पीड़िता को बदनाम करने और उसके पति की हत्या की धमकी देकर करीब एक साल तक शोषण करता रहा। तंग आकर महिला ने थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामला ग्वालियर थाना क्षेत्र के लधेड़ी इलाके का है। पुलिस के अनुसार पीड़िता ने आवेदन में बताया कि करीब एक साल पहले वह पति की शराब की लत छुड़वाने के लिए तलवार वाले हनुमान मंदिर गई थी। वहां उसकी मुलाकात कमल राठौर उर्फ पटेल नामक व्यक्ति से हुई। महिला ने बताया कि उसने आरोपी को पति की शराब छुड़ाने की बात कही थी। इस दौरान आरोपी ने उसे कई बार भभूत दी। इससे दोनों की जान-पहचान हो गई और आरोपी का उसके घर आना-जाना शुरू हो गया। आरोप है कि अक्टूबर 2025 में आरोपी दोपहर 3 से 4 बजे के बीच प्रसाद का लड्डू लेकर उसके घर पहुंचा। प्रसाद खाने के बाद वह बेहोश हो गई, जिसके बाद आरोपी ने उसके साथ जबरदस्ती की। घटना के बाद आरोपी ने किसी को बताने पर बदनाम करने और पति को जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता का आरोप है कि धमकी देकर आरोपी उसके साथ लगातार दुष्कर्म करता रहा।
महिला ने पुलिस को बताया कि बदनामी और धमकियों के डर से उसने किसी को कुछ नहीं बताया। हिम्मत जुटाकर उसने सहेलियों और पति को पूरी बात बताई, जिसके बाद थाने में शिकायत की। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी कमल राठौर उर्फ पटेल को पकड़ लिया है। थाना प्रभारी प्रशांत शर्मा ने बताया कि आरोपी को पकड़ लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
