भुवनेश्वर, 07 सितंबर (वार्ता): नेशनल एल्युमिनियम कंपनी लिमिटेड (नाल्को) ने अपने अंगुल स्मेल्टर के विस्तार के लिए सोमवार को एमिरेट्स ग्लोबल एल्युमिनियम (ईजीए) के साथ एक समझौते पर हस्ताक्षर किये।
इस समझौते के तहत अंगुल में नाल्को के प्रस्तावित पांच लाख टन प्रति वर्ष क्षमता वाले स्मेल्टर विस्तार के लिए ईजीए की डीएक्स अल्ट्रा तकनीक का इस्तेमाल किया जायेगा। दोनों कंपनियों को बीच दुबई में इस संबंध में प्रौद्योगिकी लाइसेंसिंग समझौते पर हस्ताक्षर किये।
ईजीए परियोजना के लिए नाल्को को तकनीकी लाइसेंस, तकनीकी जानकारी, डिजाइन और तकनीकी सहायता उपलब्ध करायेगा। उच्च-एम्पीयर वाली डीएक्स अल्ट्रा तकनीक को स्मेल्टिंग में उत्पादकता और ऊर्जा दक्षता बढ़ाने के साथ-साथ पूंजीगत और परिचालन लागत को बेहतर ढंग से अनुकूलित करने के लिए विकसित किया गया है। इस विस्तार से नाल्को की एल्युमिनियम उत्पादन क्षमता में पांच लाख टन प्रति वर्ष से बढ़कर 10 लाख टन प्रति वर्ष तक पहुंच जायेगी।
नाल्को के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) बृजेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि उन्नत तकनीक को अपनाने से अंगुल विस्तार परियोजना को देश के सबसे अधिक दक्ष एल्युमिनियम स्मेल्टरों में से एक बनाने में मदद मिलेगी और देश के एल्युमिनियम इकोसिस्टम को मजबूती मिलेगी।
