ग्वालियर: जीवाजी यूनिवर्सिटी में मारपीट ओर रैगिंग के मामले में बड़ा एक्शन हुआ है. इस मामले में 7 छात्रों पर कार्रवाई हुई है. इनमें से 3 को हॉस्टल से निष्कासित कर दिया गया है. एंटी रैगिंग कमेटी की जांच रिपोर्ट के बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन ने फार्मेसी संस्थान के 7 छात्रों पर कार्रवाई की. इनमें फार्मेसी के 3 छात्रों को सत्र 2025-26 के लिए आर्यभट्ट हॉस्टल से निष्कासित कर दिया है.
जबकि 4 छात्रों को 15 दिनों के लिए संस्थान से सस्पेंड कर दिया है. इसके बाद हड़कंप मच गया है. कमेटी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जिन छात्रों को हॉस्टल से निकाला है,यदि वे दोबारा हॉस्टल परिसर के आसपास भी पाए गए तो उन्हें पूरे सेमेस्टर के लिए निष्कासित कर दिया जाएगा. इसके अलावा हॉस्टल में बाहरी छात्रों की एंट्री पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है. नियमों के उल्लंघन की स्थिति में मामला पुलिस को सौंपा जाएगा.
