
सीहोर। कलेक्टर बालागुरू के ने गेहूं उपार्जन कार्य में अनियमितताएं करने वाले श्यामपुर एमपीडब्ल्यूएलसी शाखा प्रबंधक प्रेमनारायण केसरिया को निलंबित करने एवं उनके विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए एमपीडब्ल्यूएलसी के प्रबंध संचालक को पत्र लिखा है. उल्लेखनीय है कि श्यामपुर एमपीडब्ल्यूएलसी शाखा प्रबंधक प्रेमनारायण केसरिया द्वारा श्यामपुर क्षेत्रान्तर्गत स्थापित उपार्जन केन्द्रों पर उपार्जन कार्य में कई अनियमितताएं की गई हैं. इसके साथ ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना और शासकीय कार्य के प्रति उदासीनता भी की गई है. इसके लिए उन्हें पहले कारण बताओ नोटिस भी जारी किया जा चुका है, जिसका जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया.
निश्चित मात्रा से कम भरा था गेहूं
नियमों को दरकिनार कर वेयर हाउस संचालकों ने मनमाने तरीके से क्षमता से अधिक गेहूं का भंडारण कर वेयर हाउस भर लिए थे. इतना ही नहीं बोरियों में भी कम गेहूं भरकर रखा गया था.इस तरह वेयर हाउस संचालकों ने समिति प्रबंधक के साथ मिलीभगत कर शासन को लाखों रुपए की क्षति पहुंचाई थी. इस मामले को नवभारत ने प्रमुखता से प्रकाशित हुआ था. इसके परिणामस्वरूप प्रशासन द्वारा उक्त कार्रवाई को अंजाम दिया गया है.
