विधायक बरकड़े के बंगले की सफाई में उतारा दमकल, जनता बोली;कभी आग लगे तो बताइएगा पहले

मंडला:निवास से कांग्रेस विधायक चैनसिंह बरकड़े के लिए मंडला नगर पालिका ने सेवा में कोई कसर नहीं छोड़ी। हाल ही में सरकार ने विधायक को सिविल लाइन मंडला में एफ-7 बंगला आवंटित किया है। बंगले में कदम रखने से पहले नगर पालिका ने खुद ‘कदम’ आगे बढ़ाए और बकायदा फायर ब्रिगेड की दमकल से बंगले की सफाई करा दी।

अब आम जनता पूछ रही है कि आखिर यह सुविधा सिर्फ विधायक के लिए आरक्षित है या कोई आम नागरिक भी अपने घर का पोचा फायर ब्रिगेड से लगवा सकता है ? वैसे विधायक चैनसिंह बरकड़े को नगर पालिका से ‘पुराना नाता’ रहा है। बरकड़े साहब पूर्व में नगर पालिका निवास के अध्यक्ष रह चुके हैं। तब उन पर कर्मचारियों को स्थायी करने के एवज में पैसे लेने के आरोप भी लगे थे। लिहाजा अब ‘अपनों’ ने ‘अपनों’ के लिए दमकल चलवा दी तो क्या गजब हो गया ।

नगरपालिका सीएमओ इसे साधारण प्रक्रिया बताते हैं। शायद उनके लिए फायर ब्रिगेड का काम अब आग बुझाना नहीं, बंगले चमकाना हो गया है। वैसे शहर में कहीं आग लगे तो नगर पालिका शायद पहले बंगले का धूल-मिट्टी झाड़कर ही दमकल पहुंचाएगी ।जनता ने तंज कसा है कि अगर नगर पालिका इसी तरह व्यक्तिगत बंगले धोने में व्यस्त रही तो शहर की सुरक्षा ईश्वर भरोसे ही रह जाएगी। ऐसे में नागरिकों ने प्रशासन से इस सरकारी मशीनरी के निजी उपयोग पर जवाबदेही तय करने की मांग की है।

Next Post

अमेरिका यूक्रेन को पैट्रियट मिसाइलें देगा

Mon Jul 14 , 2025
वाशिंगटन, 14 जुलाई (वार्ता) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को कहा कि रूस के साथ युद्ध में फंसे यूक्रेन की मदद के लिए वह उसे घातक पैट्रियट मिसाइलें देंगे। श्री ट्रम्प ने यहां एंड्रूज बेस पर संवाददाताओं से बात करते हुए कहा कि वह अभी इनकी संख्या पर […]

You May Like