
इंदौर। कांग्रेस के छात्रों की गूंज कार्यक्रम से पहले ही प्रदेश की सियासत में बयानबाजी तेज हो गई है। राहुल गांधी के इंदौर आने की संभावनाओं के बीच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस को उसके ही अतीत के आईने में खड़ा कर दिया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी मध्यप्रदेश आएं, उनका स्वागत है, लेकिन कांग्रेस पहले अपने शासनकाल में युवाओं के साथ हुए अन्याय के लिए माफी मांगे।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के 1955 से 2003 तक के शासनकाल पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस दौरान किसान, महिला और युवाओं की स्थिति क्या थी, इसका जवाब कांग्रेस को देना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास के आंकड़े कांग्रेस और भाजपा सरकारों के कामकाज का अंतर बताते हैं।.
डॉ. यादव ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में प्रदेश की बिजली उत्पादन क्षमता करीब 5 हजार मेगावॉट थी। भाजपा सरकारों के कार्यकाल में यह बढ़कर 25 हजार मेगावॉट तक पहुंची, जबकि मौजूदा सरकार के ढाई साल में यह क्षमता करीब 31 हजार मेगावॉट तक पहुंचने का दावा किया।
प्रति व्यक्ति आय का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के 55 वर्ष के शासन में यह करीब 11 हजार 700 रुपये थी, जो अब बढ़कर एक लाख 67 हजार रुपये हो गई है। उन्होंने बेरोजगारी और शिक्षा के आंकड़ों का हवाला देते हुए कांग्रेस से अपने शासनकाल का हिसाब मांगते हुए कहा कि उसे अतीत के अपने कर्मों के लिए माफी मांगनी चाहिए।
