जबलपुर: बरगी थाना अंतर्गत सुकरी में बीती रात बेलगाम ट्रक खड़ी कार को टक्कर मारने के बाद बंद दुकान में घुस गया। हादसे से कार, दुकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। ड्राइवर और कंडेक्टर ट्रक में फंस गए जिन्हें कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया इसके बाद दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। गनीमत रही कि जब हादसा हुआ तब दुकान बंद थी और सडक़ पर राहगीर नहीं थे वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
पुलिस के मुताबिक संतोष सिंह भट्ट निवासी सुकरी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह दुकान चलाता है। बीती रात करीब 9 बजे दुकान बंद कर पीछे तरफ अपने घर चला गया था दुकान के साईड में आल्टो कार क्रमांक एमपी 21 सीए 1058 खडी थी। रात्रि करीब 11 बजे ट्रक क्रमांक एमएच 40 एके 6073 का चालक अपने ट्रक को तेज रफ्तार एवं लापरवाही पूर्वक चलाते लाया और रोड से नीचे उतर कर दुकान के टीन शेड और कार को टक्कर मारते हुये दुकान के अंदर घुस गया।
जिससे कार, टीन शेड, दुकान की शटर, दीवाल, कालम, दुकान का काउंटर एवं दुकान का सामान क्षतिग्रस्त हो गया है। ट्रक दुकान से टकराने से ट्रक ड्राईवर एवं कन्डेक्टर टेलर में फंस गये थे जिनको कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए एम्बुलेंस से अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज कर ट्रक को जब्त कर लिया है।
