जबलपुर: कटंगी थाना अंतर्गत घटेरा में आरोपियों की मारपीट, सामाजिक अपमान और लगातार मिल रही धमकियों से तंग आकर एक युवक बहादुर गौंड की हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। मृतक की पत्नी रमा बाई गौंड ने आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ हत्या और सदोष मानव वध का मामला दर्ज करने की मांग की है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि बीती 25 सितंबर 2026 को गाँव के ही संदीप यादव, मधुसूदन यादव, उपेंद्र यादव व अन्य ने बहादुर के साथ बेरहमी से मारपीट की और जातिसूचक शब्द कहकर अपमानित किया था।
मामले में कटंगी थाने में अपराध दर्ज हुआ था। एफआईआर के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, जिससे वे लगातार केस वापस लेने की धमकी दे रहे थे। इस खौफ और प्रताड़ना के कारण बहादुर मानसिक तनाव में आ गए और खुद को बंद कमरे में कैद कर लिया था। मारपीट में चोटें आई थीं। 7 अक्टूबर 2026 को अचानक बहादुर की तबीयत बिगड़ी। दम तोड़ने से पहले भी वे आरोपियों से अनहोनी का डर जताते रहे। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर हार्ट अटैक को मौत की वजह बताया था। पीड़ित पत्नी ने कटंगी पुलिस पर आरोपियों को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई और अपने परिवार के लिए सुरक्षा की मांग की है।
