खबर का असर: प्रशासनिक कार्रवाई के बाद सिंगौरगढ़ किला मार्ग से हटाया गया गेट

सिंग्रामपुर/दमोह। ऐतिहासिक सिंगौरगढ़ किले तक पहुंचने वाले वर्षों पुराने पारंपरिक मार्ग पर लगाए गए गेट को आखिरकार शनिवार को हटा दिया गया। प्रशासनिक कार्रवाई और लगातार सामने आ रही जनभावनाओं के बाद मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी के अनुज सत्येंद्र सिंह लोधी शनिवार दोपहर मौके पर पहुंचे और भूमि स्वामी से चर्चा कर गेट हटवाने की कार्रवाई कराई गई। गेट हटने के बाद सिंगौरगढ़ किला जाने वाला मार्ग आवागमन के लिए सुचारू कर दिया गया।

दरअसल, कुछ दिन पूर्व सिंगौरगढ़ किला एवं जलाशय तक पहुंचने वाले वर्षों पुराने मार्ग पर गेट लगाए जाने का मामला सामने आया था। ग्रामवासियों ने बताया था कि इस मार्ग का उपयोग लोग लंबे समय से सिंगौरगढ़ किला और जलाशय तक आने-जाने के लिए करते रहे हैं। मार्ग पर गेट लगने से स्थानीय लोगों और पर्यटकों के आवागमन को लेकर विवाद की स्थिति बन गई थी।

मामला मीडिया के माध्यम से सामने आने के बाद प्रशासन ने भी गंभीरता दिखाई। बुधवार को तेंदूखेड़ा एसडीएम सीजी गोस्वामी मौके पर पहुंचे थे और भूमि स्वामी को गेट हटाने के लिए समय दिया गया था। प्रशासन के अल्टीमेटम के बाद शनिवार को गेट हटाने की कार्रवाई की गई।

 *_मंत्री के निर्देश पर पहुंचे सत्येंद्र सिंह लोधी_* 

मौके पर पहुंचे सत्येंद्र सिंह लोधी ने बताया कि कुछ दिन पूर्व क्षेत्र के लोग मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी के पास ज्ञापन लेकर पहुंचे थे। उन्होंने सिंगौरगढ़ की ओर जाने वाले पारंपरिक मार्ग पर गेट लगाए जाने की जानकारी दी थी। मंत्री के निर्देश पर उनके प्रतिनिधि के रूप में वे मौके पर पहुंचे।

उन्होंने बताया कि भूमि स्वामी से चर्चा की गई, जिसके बाद उन्होंने गेट हटाने पर सहमति जताई। गेट को कट निकालकर अलग कर दिया गया है और मार्ग को आवागमन के लिए चालू कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि सिंगौरगढ़ क्षेत्र से जुड़ी जनभावनाओं का सम्मान किया गया है।

 *आदिवासी समाज ने जताया आभार* 

गेट हटने के बाद आदिवासी युवा नेता भानु ठाकुर ने मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी व सत्येंद्र सिंह लोधी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सिंगौरगढ़ किले तक जाने वाले पारंपरिक मार्ग को लेकर क्षेत्र के लोगों की भावनाएं जुड़ी हुई थीं। मंत्री के प्रयास और सत्येंद्र सिंह लोधी के मौके पर पहुंचने से समस्या का समाधान हो सका है। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज की ओर से मंत्री एवं उनके अनुज का तहेदिल से आभार व्यक्त किया जाता है।

Next Post

अमेरिकी जज ने मध्यावधि चुनाव से पहले डाक से मतदान को सीमित करने के ट्रंप के आदेश पर लगी रोक को बढ़ाया आगे

Sat Sep 5 , 2026
वॉशिंगटन, 05 सितंबर (वार्ता) एक अमेरिकी संघीय न्यायाधीश ने शुक्रवार को अमेरिकी डाक सेवा (यूएसपीएस) पर लगी उस रोक को बढ़ा दिया जिसके तहत वे नवंबर में होने वाले कांग्रेस चुनावों से पहले डाक मतदान को सीमित करने के लिए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कार्यकारी आदेश से जुड़े नए नियम […]

You May Like