इंदौर: नगर निगम स्वच्छता नवाचार के तहत शहर के ट्रेंचिंग ग्राउंड पर अगले महीने से जानवरों का सीएनजी इंसीनेटर प्लांट शुरू हो जाएगा. उक्त प्लांट सीएनजी गैस से संचालित होगा. खास बात यह है कि प्लांट में एक दिन 1 हजार जानवरों के दाह संस्कार करने की क्षमता है.नगर निगम ने शहर में आवारा पशुओं के दाह संस्कार करने के लिए संयंत्र स्थापित करने की योजना बनाई थी. उक्त योजना स्वच्छता अभियान में नवाचार के तहत शुरू करने की तैयारी है.
निगम स्वच्छता विभाग देव गुराडिया स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड पर कचरे के साथ जानवरों के शव को लेकर परेशान था. परेशानी यह थी कि जानवरों के शव की सड़ान और बदबू से पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा था. निगम स्वच्छता विभाग ने जानवरों के शवों का दाह संस्कार करने का संयंत्र स्थापित करने के टेंडर जारी किए थे. देव गुराडिया स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड पर 5 हजार वर्गफीट जमीन पर पंजाब पटियाला की माइक्रो टेक कंपनी द्वारा साढ़े तीन करोड़ रुपए की लागत से संयंत्र स्थापित किया जा रहा है. जानवरों के शवों को जलाने के लिए संयंत्र पूरी तरह से ऑटोमैटिक है और सीएनजी गैस से संचालित होगा. उक्त संयंत्र की एक दिन में 800 से 1 हजार जानवरों के शव दाह संस्कार की क्षमता है. निगम की शर्त अनुसार कंपनी 5 साल तक का मेंटेनेंस भी स्वेदन करेगी. जानवरों के शवों का संयंत्र 15 सितंबर से शुरू होने की तैयारी है.
पर्यावरण संरक्षण में राहत मिलेगी
स्वच्छता प्रभारी अपर आयुक्त प्रखर सिंह ने बताया कि उक्त संयंत्र के शुरू होने से शहर में मृत आवारा पशुओं गाय, कुत्ते , बिल्ली या अन्य तरह के जानवरों का दाह संस्कार होने लगेगा . जानवरों के शव से होने वाली सड़न ओर बदबू से पर्यावरण संरक्षण में राहत मिलेगी.
