इंदौर: ब्राह्मण समाज संगठन, मूसाखेड़ी द्वारा श्रावण पूर्णिमा के अवसर पर शुक्रवार को नर्मदा-क्षिप्रा संगम स्थल पर श्रावणी उपाकर्म विधि-विधान से संपन्न कराया गया. सुबह 8 से 11 बजे तक चले आयोजन में 50 से अधिक साधकों ने भाग लिया.वेदपाठी विद्वानों के मार्गदर्शन में दशविधि स्नान, ध्यान-संध्या, सूर्य उपासना, तर्पण, सप्तऋषि पूजन, हवन और यज्ञोपवीत धारण की विधियां संपन्न हुईं.
साधकों ने देव, ऋषि, माता-पिता, संबंधियों एवं दिवंगतजनों का तर्पण कर जाने-अनजाने हुए पापकर्मों के लिए प्रायश्चित किया. साथ ही नए वर्ष में नीति और मर्यादा के मार्ग पर चलने का हेमाद्रि संकल्प लिया. कार्यक्रम के बाद ब्राह्मण भोज एवं प्रसादी का आयोजन हुआ. संगठन अध्यक्ष पं. द्वारका प्रसाद पाठक और मुख्य यजमान व वरिष्ठ संरक्षक बृजकिशोर शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजन संपन्न हुआ. इस अवसर पर विनोद शास्त्री, 1008 जानकी प्रपन्नाचार्य महाराज, मनोज पांडे, जसराज शर्मा, पुष्पेंद्र रिछारिया और अंकित पाठक सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे.
