
ग्वालियर। नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी ने बुधवार को बाल भवन स्थित टीएलसी सेंटर में जनकार्य विभाग की समीक्षा की। उन्होंने शहर में चल रहे सड़क निर्माण कार्यों की जानकारी लेते हुए गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि निगम द्वारा 93 मुख्य सड़कों का निर्माण कराया जा रहा है।
इनमें 53 सड़कें पूरी हो चुकी हैं, 23 पर काम जारी है, 11 के कार्यादेश जारी हैं, जबकि चार टेंडर प्रक्रिया में हैं। दो सड़कें एलिवेटेड रोड के कारण नहीं बनाई जा रही हैं। आयुक्त ने कहा कि खराब गुणवत्ता मिलने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई होगी। बार-बार खराब होने वाली सड़कों का निरीक्षण कर आवश्यक कदम उठाने तथा न्यायालय के निर्देशों की जानकारी समय-सीमा में उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
