यात्री वाहनों, दुपहिया की खुदरा बिक्री ने अक्टूबर में बनाया नया रिकॉर्ड

नयी दिल्ली, 07 नवंबर (वार्ता) त्योहारी मांग और वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) में नयी पीढ़ी के सुधारों के कारण अक्टूबर में यात्री वाहनों और दुपहिया की खुदरा बिक्री ने नया रिकॉर्ड बनाया।
वाहन डीलरों के संगठन फाडा द्वारा शुक्रवार को जारी आंकड़ों में बताया गया है कि अक्टूबर 2025 में यात्री वाहनों की बिक्री 11.35 प्रतिशत बढ़कर 5,57,373 इकाई पर पहुंच गयी। दोपहिया वाहनों की बिक्री सालाना आधार पर अक्टूबर में 51.76 प्रतिशत बढ़कर 31,49,846 इकाई दर्ज की गयी।
फाडा के अध्यक्ष सी.एस. विग्नेश्वर ने कहा कि वाहनों की खुदरा बिक्री के मामले में अक्टूबर 2025 मील के पत्थर के तौर पर याद किया जायेगा। जीएसटी सुधारों, ग्रामीण मांग बढ़ने और त्योहारी मांग रहने से रिकॉर्ड-तोड़ परिणाम सामने आये हैं। यात्री वाहनों और दुपहिया दोनों की बिक्री अबतक के उच्चतम स्तर पर दर्ज की गयी जो उपभोक्ता विश्वास में नयी ऊर्जा और अर्थव्यवस्था में अंदरूनी लहर को दिखाता है।
तिपहिया की बिक्री 5.43 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 1,29,517 इकाई दर्ज की गयी, हालांकि इसमें ई-रिक्शा की बिक्री में 15.60 प्रतिशत की गिरावट रही।
ट्रैक्टरों की बिक्री 14.22 फीसदी की वृद्धि के साथ 73,577 पर और वाणिज्यिक वाहनों की 17.69 प्रतिशत बढ़कर 1,07,841 पर पहुंच गयी।
वाहनों की कुल बिक्री में 40.53 फीसदी का जबरदस्त उछाल दर्ज किया गया और यह 40,23,923 इकाई रही।
फाडा ने बताया कि अक्टूबर में ग्रामीण भारत मांग में वृद्धि का नया ईंजन बनकर उभरा है। उसने अनुकूल मानसून, कृषि आय में वृद्धि और सार्वजनिक बुनियादी ढांचों में सुधार को इसकी वजह बतायी है।
मौजूदा वित्त वर्ष के पहले सात महीनों में अप्रैल से अक्टूबर तक वाहनों की कुल बिक्री में 10.73 प्रतिशत की वृद्धि देखी गयी और यह 1,63,91,421 इकाई पर पहुंच गयी। इसमें दुपहिया की बिक्री 12.63 प्रतिशत बढ़कर 1,19,94,390 इकाई और यात्री वाहनों की 5.76 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 25,19,348 इकाई हो गयी।
ट्रैक्टरों की बिक्री में 11.17 प्रतिशत और वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री में 5.18 प्रतिशत की वृद्धि हुई जबकि तिपहिया की बिक्री 7,47,742 इकाई रही।

Next Post

अंगोला के खिलाफ मैत्री मैच में अर्जेंटीना की टीम की अगुवाई करेंगे मेसी

Fri Nov 7 , 2025
ब्यूनस आयर्स, 07 नवंबर (वार्ता) लियोनेल मेसी 14 नवंबर को लुआंडा में अंगोला के खिलाफ होने वाले मैत्री मैच में अर्जेंटीना की टीम की अगुवाई करेंगे। मैनेजर लियोनेल स्कालोनी ने गुरुवार को 24 सदस्यीय टीम की घोषणा की, जिसमें तीन नए खिलाड़ी शामिल हैं। बेनफिका के विंगर जियानलुका प्रेस्टियानी, स्ट्रासबर्ग […]

You May Like