इंदौर: दीपावली पर हुए दो अलग-अलग हत्याकांडों ने शहर को झकझोर दिया. एमआईजी और द्वारकापुरी थाना क्षेत्रों में हुई इन दोनों घटनाओं में दो युवकों की जान चली गई. दोनों मामलों में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए 9 आरोपियों को पकड़ा है और उनसे पूछताछ कर रही है, इन आरोपियों में कई थाने के निगरानी बदमाश भी शामिल हैं.एमआईजी थाना क्षेत्र में हुई 21 वर्षीय क्षितिज निवासी स्वर्णबाग कॉलोनी की हत्या के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
एडिशनल डीसीपी अमरेन्द्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए अभिषेक उर्फ कालू उर्फ चाकू सुंदर नगर, करण उर्फ रोक आयोध्यापुरी और उनके दो साथियों को पकड़ा है. आरोपियों से पूछताछ में पता चला है कि हत्या वर्चस्व की पुरानी रंजिश के चलते की गई. एक दिन पहले दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था. उसी रंजिश के चलते आरोपियों ने घर से निकलते ही क्षितिज पर हमला कर उसकी हत्या कर दी. गिरफ्तार कालू और करण दोनों बदमाश निगरानी सूची में शामिल हैं. कुछ दिन पहले ही पुलिस ने उनसे डोजियर भरवाकर परेड करवाई थी, जिसमें उन्होंने अपराध न करने की शपथ ली थी. इसके बावजूद दोनों ने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या को अंजाम दे दिया.
दूसरी ओर द्वारकापुरी क्षेत्र की दिग्विजय नगर मल्टी में गोलीबारी और चाकूबाजी हुई थी, इस वारदात में महेश उर्फ बाचू की मौत हो गई, जबकि उसका साथी मंसूर घायल हुआ. पुलिस जांच में सामने आया कि विवाद दोनों पक्षों के बीच पुराने आपसी झगड़े को लेकर हुआ. महेश की ओर से हुए हमले में रमेश और उसकी पत्नी जुल्लू बाई घायल हो गए थे. इसका बदला लेने के लिए रमेश के बेटे मिथुन ने अपने साथियों के साथ मिलकर गोली चला दी.
डीसीपी आनंद कल्यादगी ने बताया कि पुलिस ने देर रात तक कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को हिरासत में लिया है. जबकि घायल मंसूर को भी आरोपी बनाया है. दोनों पक्षों के लोगों को अलग-अलग थानों में रखकर पूछताछ की जा रही है. दोनों मामलों में पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे पुरानी रंजिश और वर्चस्व की लड़ाई मुख्य कारण सामने आया है. शहर में लगातार हो रही आपसी गैंगवॉर जैसी वारदातों के बाद अब पुलिस ने निगरानी बदमाशों की सघन मॉनिटरिंग और डोजियर की पुनः समीक्षा शुरू कर दी है.
