
सतना।जिले में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास एवं उमंग के साथ मनाया गया। मुख्य समारोह का आयोजन पुलिस परेड ग्राउण्ड में हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। मुख्य अतिथि ने खुली सुसज्जित जिप्सी में सवार होकर कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस, पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह एवं परेड कमांडर देविका सिंह बघेल के साथ परेड का निरीक्षण किया और परेड की सलामी ली। इस मौके पर राज्यमंत्री श्रीमती बागरी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के जनता के नाम संदेश का वाचन किया। कार्यक्रम के दौरान मुक्त आकाश में रंग-बिरंगे गुब्बारे छोड़े गए।
गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह में आकर्षक परेड का भी आयोजन हुआ। परेड में जिला पुलिस बल पुरूष, जिला पुलिस बल महिला, नगर सेना, शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, एकेएस यूनिवर्सिटी सतना, एकेएस यूनिवर्सिटी नेशनल कैडेट कोर, एन0सी0सी0 गर्ल्स एमएलबी स्कूल, राष्ट्रीय सेवा योजना, भारत स्काउट गाइड दल और शौर्या दल के प्लाटून ने पुलिस बैण्ड की धुन के साथ कुल 13 टुकड़ियों ने भाग लिया। इस समारोह में मनभावन सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं झांकियों का आयोजन भी हुआ। समारोह में कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं कारगिल शहीदों के परिजनों और लोकतंत्र सेनानियों तथा देहदान, अंगदान करने वाले व्यक्तियों के परिजन का शाल एवं श्रीफल से सम्मान किया।
समारोह में जिले के 37 विद्यालयों के करीब 2500 छात्र-छात्राओं ने सारे जहां से अच्छा हिन्दोस्तां हमारा गीत की धुन पर आकर्षक पी0टी0 का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कन्या धवारी, शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय व्यंकट क्रमांक-1, प्रियम्बदा बिरला स्कूल, अनुपमा कान्वेंट हायर सेकेण्डरी स्कूल सतना के छात्र-छात्राओं ने बहुआयामी संस्कृति को प्रदर्शित करते हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये। समारोह में 12 विभाग केंद्रीय जेल सतना, महिला बाल विकास, आदिम जाति कल्याण विभाग, जिला पंचायत ग्रामीण विकास, कृषि और कृषि अभियांत्रिकी, आईटीआई, स्वास्थ्य, स्कूल शिक्षा, पशुपालन एवं डेयरी, जल जीवन मिशन, स्मार्ट सिटी, जिला उद्योग केन्द्र द्वारा शासन की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों को प्रदर्शित करते हुए झांकियां निकाली गई।
गणतंत्र दिवस समारोह में छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत किए गए सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रथम पुरुस्कार शासकीय व्यंकट क्रमांक-1 सतना, द्वितीय पुरुस्कार शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय धवारी और तृतीय पुरुस्कार अनुपमा कान्वेंट हायर सेकेण्डरी स्कूल सतना को दिया गया। झांकियों में पंचायत एवं ग्रामीण विकास को प्रथम, महिला एवं बाल विकास विभाग को द्वितीय तथा जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र की झांकी को तीसरा पुरुस्कार दिया गया। इसी प्रकार परेड में अच्छा प्रदर्शन करने पर आर्म्स बल में नगर सेना सतना को प्रथम, जिला पुलिस बल पुरूष सतना को द्वितीय पुरुस्कार और जिला पुलिस बल महिला प्लाटून को तृतीय पुरुस्कार दिया गया। अनआर्म्स वर्ग में प्रथम पुरुस्कार एकेएस यूनिवर्सिटी बालिका, द्वितीय शासकीय स्नातकोत्तर कन्या महाविद्यालय सतना, और तृतीय पुरुस्कार शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई स्कूल सतना को दिया गया। इस बार परेड में शामिल 13 सभी प्लाटूनों के कैडेट्स को कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने सामूहिक प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किये। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को भी पुरूस्कृत किया गया। परेड का नेतृत्व करने के लिए परेड कमाण्डर देविका सिंह बघेल और सामूहिक पीटी कार्यक्रम के लिए जिला शिक्षा अधिकारी कंचन श्रीवास्तव, जिला क्रीडा अधिकारी मीना त्रिपाठी और अशोक सिंह को सामूहिक पुरूस्कार की शील्ड दी गई।
समारोह में महापौर योगेश ताम्रकार, जिला पंचायत अध्यक्ष रामखेलावन कोल, जिलाध्यक्ष भगवती प्रसाद पाण्डेय, रामदास मिश्रा, पूर्व विधायक ऊषा चौधरी, पूर्व महापौर ममता पांडेय, पूर्व स्पीकर सुधीर सिंह तोमर, सुरेन्द्र शर्मा, विंध्य चेम्बर ऑफ कामर्स के अध्यक्ष सतीश सुखेजा, डीएफओ मयंक चांदीवाल, सहायक कलेक्टर अनिकेत शांडिल्य, सीईओ जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह, अपर कलेक्टर विकास सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवेश सिंह, एसडीएम राहुल सिलाडिया, एलआर जांगडे, नगर पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी मुनीन्द्र त्रिपाठी सेवा निवृत्त सहित जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी-कर्मचारीगण, पत्रकार एवं आम नागरिकगण समेत बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन डॉ गौरव शर्मा ने किया।
