इंदौर: चंदन नगर थाना क्षेत्र में बदमाशों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया. अस्पताल परिसर में घुसकर बदमाशों ने पहले गार्डों को चाकू अड़ाकर बंधक बनाया, फिर चंदन के पेड़ काटकर मौके से फरार हो गए. घटना तड़के करीब चार बजे के बाद की बताई जा रही है.जानकारी के मुताबिक बदमाश अस्पताल के मेन गेट से अंदर घुसे थे. गेट पर अस्पताल प्रबंधन द्वारा लगाए गए बैरियर के पास गार्ड सिद्धनाथ श्रीवास्तव और रामेश्वर गोखले ड्यूटी पर थे.
बदमाश पहले पता पूछने के बहाने गार्डों के पास पहुंचे और बातचीत में उलझा लिया. इसी दौरान उनके कुछ साथी पीछे से आए और दोनों गार्डों के हाथ पकड़ लिए. इसके बाद बदमाशों ने बड़े छुरे, चाकू, हॉकी के डंडे और लोहे की रॉड निकाल ली. गार्डों को चाकू अड़ाकर एक तरफ ले जाया गया. दो बदमाश पहरे पर खड़े रहे, जबकि बाकी बदमाश अस्पताल की पुरानी बिल्डिंग के ठीक सामने लगे चंदन के पेड़ों पर आरी चलाने लगे.
कुछ ही मिनटों में तीन चंदन के पेड़ काटे और उन्हें वाहन में लादकर बदमाश फरार हो गए. बदमाशों के जाते ही गार्डों ने सुपरवाइजर जोगिंदर पाल को घटना की सूचना दी. मौके पर पहुंचने के बाद उन्होंने अधिकारियों से चर्चा कर 112 नंबर पर कॉल किया. 112 से हीरानगर थाना से संपर्क करने को कहा गया. इसके बाद सुपरवाइजर गार्डों को लेकर थाने पहुंचे, जहां प्राथमिक बातचीत के बाद यह कहकर वापस भेज दिया कि पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर मुआयना करेगी.
