गुवाहाटी, (वार्ता) असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने शुक्रवार को कहा कि उनकी सरकार सिलचर और गुवाहाटी के बीच संपर्क सुनिश्चित करने के लिए ईस्ट वेस्ट कॉरिडोर के भूस्खलन-प्रवण 5 किलोमीटर हिस्से को बचाने के लिए एलिवेटेड कॉरिडोर की योजना बना रही है।
श्रीभूमि जिले में पत्रकारों से बातचीत करते हुए श्री सरमा ने कहा कि महासड़क या ईस्ट वेस्ट कॉरिडोर का काम अगले साल फरवरी-मार्च तक पूरा हो जाना चाहिए, लेकिन समस्या पांच किलोमीटर के हिस्से में है, जहां अक्सर भूस्खलन होता है।
मुख्यमंत्री ने कहा “महासड़क का काम लगभग पूरा हो चुका है, केवल पांच किलोमीटर का हिस्सा ही ऐसा है, जो बार-बार भूस्खलन से प्रभावित है। अब हम पांच किलोमीटर के हिस्से को कवर करने के लिए एलिवेटेड कॉरिडोर बनाने की योजना बना रहे हैं, ताकि सड़क भूस्खलन से प्रभावित न हो।”
मुख्यमंत्री ने जिले में बाढ़ प्रभावित कई इलाकों और राहत शिविरों का दौरा किया, जहां सैकड़ों लोग बाढ़ के कारण शरण लिए हुए हैं।
पंचग्राम में मुख्यमंत्री ने राहत शिविर में रह रहे लोगों से बातचीत की और शिविरों में दी जा रही सुविधाओं के बारे में उनकी प्रतिक्रिया ली। उन्होंने व्यक्तिगत रूप से प्रभावित लोगों से अनुरोध किया कि वे अपने बैंक खाते और अन्य जानकारी साझा करें ताकि सरकार जल्दी से जल्दी राहत वितरित कर सके।
