पचमढ़ी: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह पचमढ़ी पहुंच गए हैं। वह भाजपा सांसदों और विधायकों के लिए आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग के समापन अवसर पर सम्बोधन दे रहे हैं। उनके साथ प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी मंच पर उपस्थित हैं। इससे पहले, हैलिपैड पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राजनाथ सिंह का पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया और कहा कि आपके प्रवास से निश्चित ही प्रदेश की विकास यात्रा को नई गति और दिशा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से जनप्रतिनिधियों की कार्यक्षमता में वृद्धि होती है और जनता को लाभ मिलता है।
अपने संबोधन में रक्षा मंत्री ने विधायकों और सांसदों को संगठन की मजबूती, सुशासन और विकास पर केंद्रित रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना हम सबका कर्तव्य है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। पचमढ़ी की शांत वादियों में आयोजित यह शिविर पार्टी की नीति, सिद्धांत और सेवा भाव को मजबूती देने का एक महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है। कार्यक्रम में सभी को अनुशासन और निष्ठा के साथ कार्य करने की प्रेरणा दी गई।
