भोपाल:प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित संयुक्त पत्रकार वार्ता में कांग्रेस ने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर और भारतीय संविधान के सम्मान की रक्षा को लेकर व्यापक जन जागरण अभियान की घोषणा की। इस वार्ता को प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और विधायक फूल सिंह बरैया ने संबोधित किया।
सभी नेताओं ने ग्वालियर उच्च न्यायालय परिसर में बाबा साहब की मूर्ति स्थापना को लेकर विवाद और उनके योगदान को नकारने की साजिशों पर गहरी चिंता व्यक्त की।हरीश चौधरी ने कहा कि यह एक सोची-समझी साजिश है और कांग्रेस जनता के बीच जाकर बाबा साहब के सम्मान की रक्षा करेगी। जीतू पटवारी ने बताया कि 23 से 25 जून तक घर-घर जन जागरण, गरीब बस्तियों में संविधान पर चर्चा और उपवास जैसे कार्यक्रम आयोजित होंगे।
दिग्विजय सिंह ने कहा कि बाबा साहब का योगदान ऐतिहासिक है, जिसे नकारने का प्रयास किया जा रहा है। उमंग सिंघार ने भाजपा-आरएसएस पर समाज को बांटने का आरोप लगाया। कांग्रेस ने बाबा साहब और संविधान की गरिमा की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष का संकल्प लिया है।
