इंदौर: शहर के वार्ड क्रमांक 44 के सेठी संबंध नगर और छोटी भमोरी क्षेत्र में तकनीकी खामियों और सप्लाई बाधित होने के कारण रहवासियों को नर्मदा लाइन होने के बावजूद नलों में पानी नहीं मिल रहा है. शहर में अमृत योजना के तहत नई लाइनें बिछाई जा रही हैं, लेकिन कई जगहों पर तकनीकी गड़बड़ी से पानी आगे नहीं पहुंच रहा है. कभी बोरिंग खराब होने तो कभी नर्मदा लाइन की सप्लाई रुकने से पानी का संकट बढ़ गया है.
हालात यह हैं कि लोगों को अपनी जरूरत के लिए आसपास के घरों से पानी मांगकर काम चलाना पड़ रहा है. वहीं जिन घरों में नर्मदा का पानी पहुंच रहा है, वहां भी प्रेशर बेहद कम होने की शिकायतें हैं, जिसके चलते पानी की आपूर्ति नहीं हो पाती. इसके अलावा मौजूदा नर्मदा पाइप लाइन से दूषित पानी मिलने की भी समस्या बनी हुई है. सबसे बड़ा सवाल यह है कि लाइन मौजूद होने के बावजूद कुछ घरों में पानी क्यों नहीं पहुंच रहा? क्या लाइन की टेस्टिंग और तकनीकी जांच पूरी की गई है? इसका जवाब जिम्मेदारों के पास भी नहीं है.
यह बोले रहवासी….
पानी की बहुत गंभीर समस्या है. हमारे यहां बिल्कुल पानी नहीं आता. आप खुद देख लीजिए. सामने के घर से हमें हर रोज पानी लेना पड़ता है, कई बार जिम्मेदारों को समस्या बताई, लेकिन कोई सुनता ही नहीं.
– कमला बाई
पिछले एक-डेढ़ साल से कई घरों में पानी नहीं आ रहा है. कंप्लेंट करने पर जो लोग पूछताछ करने आए थे, उन्हें किसी ने गलत जानकारी दे दी. ऐसे में समस्या बनी हुई है, निराकरण नहीं हो पा रहा है.
– प्रीति बोरासी
प्रेशर कम होने के कारण पानी कम आता है. शुरू में दूषित पानी आता है. आज तो बहुत ज्यादा गंदा पानी आया था, जो इस्तेमाल करने योग्य नहीं था. इसलिए हमने भरा ही नहीं.
– सरस्वती नानेरिया
