
सिंगरौली । बरगवां थाना क्षेत्र के ग्राम मझिगवां में हुई 52 वर्षीय भानमती यादव की संदिग्ध मौत का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया कि मृतिका की हत्या उसके दामाद राजेन्द्र प्रसाद यादव ने गमछे से गला घोंटकर की थी। जमीन अपने नाम रजिस्ट्री नहीं करने से आरोपी सास से नाराज था।
पुलिस के अनुसार 22 अगस्त को राजेन्द्र प्रसाद यादव ने बरगवां थाने में सूचना दी थी कि उसकी सास भानमती यादव पति मथुरा यादव उम्र 52 वर्ष निवासी जरहा थाना माड़ा की अज्ञात कारणों से मृत्यु हो गई है। सूचना पर मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई। मौत संदिग्ध पाए जाने पर चिकित्सकों की टीम से पोस्टमार्टम कराया गया। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस का संदेह राजेन्द्र पर गया। जहां जांच में सामने आया कि राजेन्द्र प्रसाद यादव की पहली पत्नी की मृत्यु हो चुकी थी। बच्चों की देखरेख के लिए उसने वर्ष 2025 में भानमती की बेटी सोनमती यादव को प्रेम संबंध के बाद पत्नी के रूप में अपने साथ रखा था। भानमती का अन्य कोई वारिस नहीं था और वह बेटी सोनमती व दामाद राजेन्द्र के साथ रहती थी। करीब चार-पांच वर्ष पहले लकवा मारने के कारण वह चलने-फिरने में असमर्थ हो गई थी। राजेन्द्र लगातार उसकी जमीन अपने नाम रजिस्ट्री कराने का दबाव बना रहा था, लेकिन भानमती इसके लिए तैयार नहीं थी। इसी बात से नाराज होकर उसने मौका पाकर गमछे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। उक्त कार्रवाई में निरीक्षक अनिल कुमार पटेल, उनि सूरज सिंह, श्यामबिहारी द्विवेदी, प्रआर रामनिवास यादव, राजबहोर रावत, विपिन तोमर एवं आर महेश पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पूछतांछ में कबूला अपराध, गमछा बरामद,
सिंगरौली पुलिस अधीक्षक सियाज केएम एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के निर्देशन में एसडीओपी सिंगरौली रोशनी कुर्मी तथा बरगवां थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच की। तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर राजेन्द्र प्रसाद यादव से पूछतांछ की गई, जिसमें उसने अपराध स्वीकार किया। पुलिस ने 24 अगस्त को आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त गमछा बरामद किया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जिला जेल बैढ़न भेज दिया गया।
