इंदौर:शहर पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे वर्दी से जागी नई उम्मीद अभियान के तहत दूसरे सत्र का आयोजन किया, जिसमें 30 बालक एवं युवाओं को नशा छोड़ने के लिए प्रेरित किया.कार्यक्रम पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के मार्गदर्शन और डीसीपी जोन-3 राजेश व्यास के नेतृत्व में आयोजित हुआ. इसमें संयोगितागंज, पलासिया व छोटी ग्वालटोली क्षेत्र के नशे की ओर बढ़ रहे युवाओं और उनके परिजनों को बुलाकर काउंसलिंग की गई. अतिरिक्त डीसीपी रामसनेही मिश्रा और एसीपी तुषार सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने युवाओं को नशे के दुष्परिणाम समझाए और सकारात्मक जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया. कार्यक्रम को रोचक बनाने के लिए खेल गतिविधियां और लकी ड्रॉ भी रखा गया. विजेता बच्चों को थाना प्रभारी के साथ आइसक्रीम खिलाई गई, जिससे बच्चों की भागीदारी बढ़ी.
युवाओं ने लिया नशा नहीं करने का संकल्प
इस दौरान युवाओं ने नशा नहीं करने का संकल्प लिया. काउंसलिंग में सामने आया कि नशे की ओर झुकाव के पीछे परिवार में नशे का माहौल, आर्थिक कमजोरी, गलत संगत और नकारात्मक सामाजिक प्रभाव प्रमुख कारण हैं. पुलिस ने इन पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे भी नियमित काउंसलिंग और निगरानी जारी रखने की बात कही. अभियान में टीआई के.पी. यादव, सुरेंद्र सिंह रघुवंशी, संजू कांबले, उपनिरीक्षक जालम सिंह चौहान सहित पुलिस स्टाफ की सक्रिय भूमिका रही. आने वाले सत्रों में सामाजिक और शैक्षणिक संस्थाओं को जोड़कर अभियान को और विस्तार दिया जाएगा.
