इंदौर: शहर में धारदार हथियार लेकर घूम रहे बदमाशों के खिलाफ पुलिस ने अलग अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई की। एक ही दिन में विजयनगर, लसूड़िया, खजराना, छोटी ग्वालटोली, हीरानगर और चंदननगर में हुई कार्रवाई के दौरान सात लोगों से चाकू, छुरा और कटार बरामद हुए। इनमें दो विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल हैं.
विजयनगर पुलिस ने एनआरके बिजनेस पार्क के पास खाली मैदान से तौफिक उर्फ किलकिल को पकड़ा. तलाशी में उसकी कमर से धारदार छुरा मिला. लसूड़िया पुलिस ने निरंजनपुर सब्जी मंडी गेट के सामने से रघुवीर चौहान को पकड़ा, जिसके कब्जे से चाकू बरामद हुआ.
खजराना पुलिस ने नाहरशाहवली दरगाह मैदान के पास से आहद उर्फ जग्गु को पकड़ा, उसके पास भी धारदार चाकू मिला. छोटी ग्वालटोली पुलिस ने सरवटे बस स्टैंड क्षेत्र से वंश गोड़ को पकड़ा. उसके कब्जे से कटारनुमा धारदार चाकू बरामद हुआ. हीरानगर पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक्स कॉम्प्लेक्स के पास गार्डन से अनिल शुरोडकर को पकड़ा. तलाशी में उसकी जेब से लोहे का धारदार चाकू मिला. चंदननगर पुलिस ने सिरपुर तालाब की पाल से दो विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ा.
दोनों के कब्जे से अलग अलग धारदार चाकू बरामद हुए. पुलिस ने सभी मामलों में हथियार जब्त कर प्रकरण दर्ज किए हैं. एडीसीपी क्राइम राजेश त्रिपाठी ने बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर धारदार हथियार लेकर घूमने वालों के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है. अलग अलग थाना क्षेत्रों में हुई कार्रवाई के दौरान चाकू और अन्य हथियार बरामद कर आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किए हैं. अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.
